Last Updated:
Satna News: बोर्ड परीक्षा का 100 फीसदी पेपर NCERT से आएगा, इसलिए ज्यादा गाइड बुक्स के चक्कर में न पड़ें. 70 नंबरों का थ्योरी पेपर होगा, जिसमें 28 नंबर के ऑब्जेक्टिव प्रश्न होंगे और ये भी पूरी तरह NCERT आधारित होंगे.
सतना. दिसंबर का महीना खत्म होने को है और 12वीं बोर्ड परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. ऐसे में छात्रों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है. खासकर केमिस्ट्री जैसे विषय को लेकर छात्रों के मन में डर बना रहता है क्योंकि इसे कठिन और जल्दी भूल जाने वाला सब्जेक्ट माना जाता है लेकिन अगर सही योजना, टाइम मैनेजमेंट और एनसीईआरटी आधारित तैयारी की जाए, तो यही केमिस्ट्री छात्रों को मैथ्स जैसे शानदार अंक दिला सकती है. सतना के वेंकट क्रमांक-1 उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ केमिस्ट्री शिक्षक रामानुज पाठक ने लोकल 18 से बातचीत में छात्रों के लिए पूरी रणनीति साझा की है.
उन्होंने बताया कि जनवरी महीने में छात्रों की प्री-बोर्ड परीक्षा 6 अलग-अलग तरीकों से आयोजित की जाएगी ताकि बच्चों की तैयारी हर स्तर पर परखी जा सके. वहीं 18 फरवरी बुधवार को केमिस्ट्री का बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी. ऐसे में छात्रों के पास सीमित समय है और अब नई चीजें शुरू करने की बजाय पहले से पढ़े हुए सिलेबस को मजबूत करना ज्यादा जरूरी है.
ऐसे करें स्मार्ट प्लानिंग
केमिस्ट्री का पूरा सिलेबस कुल 10 अध्यायों में बंटा हुआ है, जिसमें फिजिकल, ऑर्गेनिक और इन-ऑर्गेनिक केमिस्ट्री शामिल है. फिजिकल केमिस्ट्री के तीन चैप्टर हैं. ऑर्गेनिक के कई अहम चैप्टर हैं और इन-ऑर्गेनिक में केवल दो अध्याय. पेपर में लगभग आधे सवाल फिजिकल केमिस्ट्री से पूछे जाते हैं, इसलिए इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है.
इस तीन यूनिट से ही आते हैं सवाल
न्यूमेरिकल पोर्शन को लेकर छात्रों में सबसे ज्यादा डर देखा जाता है जबकि यह सिर्फ तीन यूनिट से आता है. इसमें सॉल्यूशन, इलेक्ट्रोकेमिस्ट्री और केमिकल काइनेटिक्स शामिल हैं. पहले जहां कठिन सवालों का प्रतिशत 15% था, यह अब बढ़कर 20% हो गया है. ऐसे में फॉर्मूला बेस्ड तैयारी और नियमित प्रैक्टिस बेहद जरूरी है.
ऑर्गेनिक केमिस्ट्री दिला सकती है 35 अंक
ऑर्गेनिक केमिस्ट्री को शिक्षक ने भूलने वाला भाग बताया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर इसे लिख-लिखकर याद किया जाए, तो यही सेक्शन 30 से 35 अंक अकेले दिला सकता है. हेलो अल्केन, हेलो एरिन, अल्कोहल आदि से जुड़े सभी अध्यायों को अच्छे से समझना बेहद फायदेमंद साबित होगा.
एनसीईआरटी ही है सबसे बड़ी गाइड
शिक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोर्ड परीक्षा का 100% पेपर एनसीईआरटी से आएगा, इसलिए ज्यादा गाइड बुक्स के चक्कर में न पड़ें. 70 अंकों का थ्योरी पेपर होगा, जिसमें 28 अंक के ऑब्जेक्टिव प्रश्न होंगे और ये भी पूरी तरह एनसीईआरटी आधारित होंगे. अंत में एनसीईआरटी किताब का लाइन-टू-लाइन रिवीजन जरूर करें. साथ ही सोशल मीडिया से दूरी बनाएं, तनाव न लें और टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें. पुराने प्रश्न पत्र हल करें, उन्हें टीचर से चेक करवाएं और आत्मविश्वास बनाए रखें. सही रणनीति के साथ केमिस्ट्री में भी पूरे अंक हासिल करना पूरी तरह संभव है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.