बड़वानी जिले में पाटी थाना क्षेत्र के बोकराटा रोड पर बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इनमें से एक कैलाश राठौड़ अपने बेटे की शादी की कार्ड बांटकर लौट रहे थे, जिसकी शादी 8 दिसंबर को होनी थी।
.
मृतकों की पहचान कैलाश पिता शंकरलाल राठौड़ और रामु पिता शिवजी राठौड़ के रूप में हुई है। दोनों बड़वानी की ओर से बोकराटा लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि कैलाश राठौड़ अपने बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र रिश्तेदारों में बांटकर घर वापस आ रहे थे।
भीषण टक्कर में दोनों ने मौके पर ही तोड़ा दम
यह हादसा बोकराटा के समीप बिजली ग्रिड के नीचे हुआ। अज्ञात वाहन ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पाटी थाना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पाटी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसा के कारणों और आरोपी वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और सड़क पर मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
.