सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते किसान।
बड़वानी जिले के पानसेमल में गुरुवार दोपहर किसानों ने खेतिया-सेंधवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन पानसेमल उप मंडी के बाहर हुआ, जब व्यापारियों ने सुरक्षा कारणों से उपज खरीदने से इनकार कर दिया।
.
इससे पहले, स्थानीय व्यापारियों ने मंडी सचिव और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन मंडी खरीदी बंद करने की सूचना दी थी। व्यापारियों ने मंडी परिसर में अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।
सड़क पर बैठे किसान।
अपनी उपज बेचने आए किसानों ने हाईवे पर उपज से भरे वाहन खड़े कर दिए, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। किसानों का कहना था कि उन्हें खरीदी बंद होने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई।
सूचना मिलने पर तहसीलदार सुनील सिसोदिया और थाना प्रभारी मंशाराम वगेन मौके पर पहुंचे। वे किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
रसीदें कटवाने के बाद खरीद रोकने का आरोप
महाराष्ट्र के शहादा से आई किसान निधि बाई ने बताया कि वे खेतिया मंडी में मक्का लेकर आई थीं, लेकिन व्यापारियों ने खरीदने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि किराया-भाड़ा लगाकर यहां आने के बाद अब वे अपना माल कहां ले जाएं। किसानों ने आरोप लगाया कि रसीदें कटवाने के बाद उन्हें खरीदी बंद होने की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी।
बुधवार को बाहरी व्यक्ति ने किया अभद्र व्यवहार
व्यापारियों ने अपनी ओर से बताया कि वे कई वर्षों से नियमित रूप से उपज की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। उन्होंने 19 नवंबर 2025 की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें मंडी परिसर में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा उनके स्टाफ प्रतिनिधि के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था।
व्यापारियों के अनुसार, इस घटना से उनके कर्मचारियों और उनकी स्वयं की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में मंडी परिसर में सुरक्षित रूप से खरीदी कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने मंडी प्रशासन से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित होने तक खरीदी बंद रखने की अनुमति मांगी है।
.