न डोली, न कार, किसान पिता ने हेलीकॉप्टर से दी दुल्हन बेटी को विदाई, देखने उमड़ी भीड़

Last Updated:

शहजोल जिल में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब एक दुल्हन हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची. नई बहू का स्वागत करने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया. इसके अलावा हेलीकॉप्टर को देखने के लिए भारी भीड़ भी उमड़ पड़ी.

Zoom

शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत धमनी कला में बुधवार को एक शाही विवाह की चर्चा पूरे इलाके में रही. जमींदार किसान परिवार ने अपनी लाडली बेटी को ‘उड़न खटोला’ यानी हेलीकॉप्टर से विदा कर अनोखी मिसाल पेश की. गांव में पहली बार किसी बेटी की विदाई इस अंदाज में हुई, जिसे देखने ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

धमनी कला निवासी कुंवर आदित्य सिंह के परिवार में यह विवाह समारोह संपन्न हुआ. कुंवर आदित्य सिंह का विवाह सतना जिले के नागौद निवासी जमींदार किसान परिवार की पुत्री मृगांसी के साथ हुआ. विवाह उपरांत दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से की गई. यह जानकारी बारात में शामिल एक बाराती ने दी. बुधवार दोपहर हेलीकॉप्टर धमनी कला गांव पहुंचा. दूल्हा आदित्य सिंह अपनी दुल्हन मृगांसी के साथ हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचे.

घर के सामने तैयार किया गया हेलीपैड
घर के सामने ही विशेष रूप से लैंडिंग के लिए हेलीपैड तैयार किया गया था. जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के ऊपर मंडराया, ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई. बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए. हेलीकॉप्टर को नजदीक से देखने का अवसर पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया.

निजी कंपनी में इंजीनियर हैं आदित्य सिंह
दूल्हा आदित्य सिंह एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं. उनके पिता अंजय सिंह क्षेत्र के बड़े किसान होने के साथ पूर्व जनपद पंचायत सोहागपुर के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. परिवार की गढ़ी (पैतृक निवास) के पास ही हेलीपैड की व्यवस्था पहले से की गई थी. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति ली गई थी. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा.

शहडोल में किसी शादी में दूसरी बार उतरा हेलीकॉप्टर
उल्लेखनीय है कि शहडोल जिले में यह दूसरी बार है जब किसी शादी समारोह में हेलीकॉप्टर उतरा है. इससे पहले जमुई क्षेत्र से भी एक दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा किया गया था. शाही अंदाज में हुई इस विदाई की चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *