पन्ना के हनुमतपुर में खेत बटाई पर देने के विवाद में एक किसान पर हमला किया गया। गुरुवार, 5 मार्च को जब किसान अपने खेत से चारा लेकर घर लौट रहा था, तभी दो युवकों ने उसे घेरकर लाठियों से पीटा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम नहरी निवासी 30 वर्षीय पीड़ित किसान लक्ष्मी प्रसाद अवस्थी ने बताया कि उनके पिता ने गांव के संतराम यादव को अपनी जमीन बटाई पर दी है। इसी बात को लेकर गांव के छोटू यादव और संतू यादव उनसे रंजिश रखते हैं। घटना के दिन, जब लक्ष्मी प्रसाद अपनी मोटरसाइकिल से खेत से चारा लेकर घर लौट रहे थे, तभी संजय गुप्ता के खेत के पास आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल बीच रास्ते में खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया। संतू यादव ने किसान की पीठ पर डंडा मारा, जिससे वह बाइक समेत नीचे गिर गए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उन्हें लाठियों से पीटा। शोर सुनकर जब संतराम यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस हमले में लक्ष्मी प्रसाद अवस्थी के गले, पीठ, बाएं पैर की एड़ी, बाएं हाथ की भुजा और दाहिनी कनपटी पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई महेंद्र अवस्थी के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। हनुमतपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस फिलहाल मामले की विवेचना कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। .