विराट कोहली और रोहित शर्मा को क्रिकेट मैदान पर देखने के लिए फैंस को अब लंबा इंतजार करना होगा. पहली बार होगा जब टी20 वर्ल्ड कप में रोहित नहीं खेलेंगे, जो अगले महीने की 7 फरवरी से शुरू होगा. रोहित और कोहली टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं, दोनों भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं. जानिए भारत का अगला वनडे कब और किसके साथ है?
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद इंग्लैंड वापस लौट गए हैं. बेशक इंदौर में हारकर टीम इंडिया ने सीरीज भी गंवाई, लेकिन कोहली की शतकीय पारी ने पूरा मनोरंजन किया. रोहित शर्मा का बल्ला इस सीरीज में शांत रहा, वह कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए. तीनों पारियों में मिलाकर भी उनका स्कोर 100 पार नहीं था. हालांकि दोनों के होने से दर्शकों में भी उत्साह था.
अब कब मैदान पर दिखेंगे रोहित और कोहली?
भारत की अगली वनडे सीरीज में तो रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलेंगे ही, लेकिन उससे पहले भी दोनों को मैदान पर फैंस देख पाएंगे. हम बात कर रहे हैं इंडियन प्रीमियर लीग की, जिसमें दोनों दिग्गज खेलेंगे. रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं, जिनको अपनी कप्तानी में वह पांच बार चैंपियन बना चुके हैं. अभी हार्दिक मुंबई के कप्तान हैं. विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हैं, जिस टीम ने पिछले संस्करण अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था.
भारत की अगली वनडे सीरीज कब है?
भारतीय क्रिकेट टीम की जिस अगली वनडे सीरीज का शेड्यूल जारी हो चुका है वो जुलाई में होनी है. भारत इंग्लैंड दौरे पर 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा, लेकिन इससे पहले जून में भारत अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलेगा. हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है. तो कोहली और रोहित जून में इंटरनेशनल मैच में खेलते हुए दिखेंगे.
.