प्रदूषण से जल रही हैं आंखें, कमजोर हो रही है नजर? अपनाएं ये 5 आयुर्वेदिक नुस्खे, आंखों को मिलेगा फायदा

खांडवाः बढ़ते प्रदूषण, मोबाइल-लैपटॉप की स्क्रीन और सर्द हवाओं का सबसे ज्यादा असर हमारी आंखों पर पड़ रहा है. आजकल बहुत से लोग आंखों में जलन, पानी आना, खुजली, पलकों का चिपकना और नजर कमजोर होने जैसी समस्याओं से परेशान हैं. खासकर सर्दियों में ठंडी हवा आंखों की नमी को कम कर देती है, जिससे दिक्कत और बढ़ जाती है. ऐसे में आंखों की समय पर देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है.

LOCAL 18 से बातचीत में डॉक्टर अनिल पटेल बताते हैं कि अगर रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ आसान आयुर्वेदिक उपाय अपना लिए जाएं, तो आंखों को बड़ी राहत मिल सकती है.

ये है पांच टिप्स

1. आई पामिंग

डॉक्टर अनिल पटेल बताते हैं कि आई पामिंग आंखों के लिए सबसे आसान और असरदार उपाय है। इसके लिए दोनों हाथों की हथेलियों को आपस में रगड़कर गर्म करें और फिर आंखें बंद करके हथेलियों को आंखों पर रखें। इससे आंखों की थकान कम होती है और रिलैक्स महसूस होता है। जो लोग ज्यादा देर स्क्रीन देखते हैं, उनके लिए यह तरीका बहुत फायदेमंद है.

2. त्राटक अभ्यास

दूसरा उपाय है त्राटक। इसमें एक मोमबत्ती को कुछ दूरी पर रखकर उसकी लौ को बिना पलक झपकाए देखने का अभ्यास किया जाता है। इससे आंखों की रोशनी बढ़ाने, आंखों की सफाई और नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। रोज 5 से 10 मिनट का अभ्यास काफी होता है.

3. गीले कॉटन पैड या गुलाब जल

आंखों की जलन और थकान से राहत के लिए गीले कॉटन पैड बहुत कारगर हैं। रूई को ठंडे पानी या गुलाब जल में भिगोकर कुछ देर आंखों पर रखें। इससे आंखों के नीचे की सूजन कम होती है और ठंडक मिलती है। चाहें तो खीरे के टुकड़े भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

4. हल्की भाप लेना

सर्दियों में कई लोगों की आंखें सुबह चिपक जाती हैं. ऐसे में हल्की भाप लेना फायदेमंद होता है. भाप से आंखों की गंदगी साफ होती है और आंखें तरोताजा महसूस करती हैं। ध्यान रखें कि ज्यादा तेज या ज्यादा देर तक भाप न लें, वरना ड्राइनेस बढ़ सकती है.

5. ठंडे पानी से आंखें धोना

दिन में 2-3 बार आंखों को साफ ठंडे पानी से धोना भी बेहद जरूरी है. इससे आंखों की गंदगी निकल जाती है, जलन कम होती है और आंखें फ्रेश महसूस करती हैं. डॉक्टर अनिल पटेल का कहना है कि अगर इन उपायों को रोजाना अपनाया जाए, तो आंखों की जलन, थकान और नजर कमजोर होने जैसी समस्याओं में काफी हद तक सुधार देखा जा सकता है. साथ ही मोबाइल-स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें और आंखों को समय-समय पर आराम जरूर दें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *