ग्वालियर | जयारोग्य चिकित्सालय की सफाई और सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही एजाइल सिक्योरिटी फोर्स लिमिटेड ने जब से जिम्मेदारी संभाली है तब से कर्मचारियों न तो समय पर वेतन मिलता है और न ही एरियर। इसे लेकर कर्मचारी कई बार हड़ताल तक कर चुके हैं। बीते माह कर्मचारियों ने 4 दिन तक हड़ताल कर दी थी,जिसके कारण अस्पताल की व्यवस्थाएं चौपट हो गई थीं। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव एवं अपर आयुक्त निगम मुनीष सिकरवार 22 जनवरी को जेएएच पहुंचे थे। कंपनी ने अपने लेटरपैड पर एक माह में एरियर देने की बात लिखकर दी थी, जिसके बाद हड़ताल खत्म हुई थी। करीब 24 दिन गुजरने के बाद कर्मचारियों को एरियर नहीं मिला है। ऐसे में कर्मचारी फिर हड़ताल करने की बात कह रहे हैं। .