Last Updated:
Processed Foods and Sugar Level: मीठा खाने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है और यह बात सभी लोग जानते हैं. हालांकि नमकीन फूड्स खाने से भी शुगर लेवल में उछाल आ सकता है. एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. पारस अग्रवाल के अनुसार कार्ब्स से भरपूर सभी फूड्स शुगर लेवल बढ़ाते हैं. प्रोसेस्ड और जंक फूड का सेवन करना भी डायबिटीज में खतरनाक होता है.
ज्यादा कार्ब्स वाले फूड्स खाने से शुगर लेवल बढ़ जाता है.
Common Diabetes Diet Mistakes: अधिकतर लोगों का लगता है कि मीठा खाने से शुगर लेवल बढ़ता है और डायबिटीज के मरीज नमकीन चीजें खा सकते हैं. उन्हें लगता है कि नमकीन फूड्स का सेवन करने से शुगर लेवल नहीं बढ़ता है, लेकिन यह बात पूरी तरह गलत है. हकीकत यह है कि कई नमकीन और प्रोसेस्ड चीजें भी ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती हैं. इनमें छिपा हुआ कार्बोहाइड्रेट, ज्यादा सोडियम और अनहेल्दी फैट शरीर में इंसुलिन के काम करने की क्षमता को प्रभावित करते हैं. इसलिए शुगर कंट्रोल करने के लिए सिर्फ मिठाइयों से दूरी बनाना काफी नहीं होता है, बल्कि सही डाइट लेना जरूरी होता है.
गुरुग्राम के मारेंगो एशिया हॉस्पिटल के डायबिटीज, ओबेसिटी एंड मेटाबॉलिक डिसऑर्डर डिपार्टमेंट के क्लीनिकल हेड डॉ. पारस अग्रवाल ने News18 को बताया कि नमकीन स्नैक्स जैसे चिप्स, नमकीन, बिस्किट, क्रैकर्स और पापड़ में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की बहुत ज्यादा होती है. ये चीजें भले ही स्वाद में मीठी न लगें, लेकिन शरीर में जाकर ग्लूकोज में बदल जाती हैं और ब्लड शुगर लेवल बढ़ा देती हैं. खासतौर पर बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद स्नैक्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है, जिससे शुगर लेवल में उछाल आ जाता है. मिठाई में भी कार्ब्स की मात्रा ज्यादा होती है, जिसकी वजह से शुगर लेवल बढ़ता है.
डॉक्टर ने बताया कि फास्ट फूड और प्रोसेस्ड फूड भी नमकीन होने के बावजूद शुगर लेवल को बिगाड़ सकते हैं. पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, इंस्टेंट नूडल्स और रेडी-टू-ईट फूड्स में मैदा, स्टार्च और ट्रांस फैट भरपूर मात्रा में होता है. ये तत्व शरीर में सूजन बढ़ाते हैं और इंसुलिन रेजिस्टेंस पैदा कर सकते हैं, जिससे ब्लड शुगर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है. ज्यादा नमक खाने से शरीर में पानी रुकने लगता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और इंसुलिन की कार्यक्षमता पर भी असर पड़ता है. हाई सोडियम डाइट डायबिटीज के मरीजों में दिल और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ा देती है.
डॉक्टर की मानें तो ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रखने के लिए लोगों को बैलेंस्ड डाइट लेनी चाहिए. इसमें साबुत अनाज, हरी सब्जियां, दालें और नट्स शामिल होने चाहिए. इसके अलावा शुगर के मरीजों को बाहर का फास्ट फूड बिल्कुल नहीं खाना चाहिए और घर का बना ताजा भोजन करना चाहिए. साथ ही नमकीन, प्रोसेस्ड और पैकेटबंद फूड से दूरी बनाना भी जरूरी है. सही खान-पान और लाइफस्टाइल अपनाकर न सिर्फ शुगर, बल्कि कई दूसरी बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें