Last Updated:
Black Grapes or Green Grapes: अधिकतर लोग हरे अंगूर खाना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोगों को काले अंगूर का स्वाद ज्यादा बेहतर लगता है. क्या आप जानते हैं कि दोनों अंगूर में से कौन से ग्रेप्स आपकी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद हैं? एक्सपर्ट की मानें तो काले और हरे दोनों अंगूर का सेवन करना शरीर के लिए लाभकारी है.
हरे और काले अंगूर दोनों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है.
Benefits of Green vs Black Grapes: अंगूर का स्वाद लोगों को खूब भाता है. बाजार में अब अंगूर खूब देखने को मिल रहे हैं. अधिकतर बाजारों में हरे अंगूर की भरमार होती है, लेकिन काले अंगूर कम ही जगहों पर मिलते हैं. हरे और काले अंगूर दोनों का स्वाद अच्छा होता है, लेकिन इनके पोषक तत्वों में थोड़ा सा अंतर होता है. यही वजह है कि अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि सेहत के लिहाज से कौन से अंगूर ज्यादा फायदेमंद होते हैं? चलिए इस बारे में कुछ रोचक तथ्य जान लेते हैं.
नई दिल्ली के PSRI हॉस्पिटल की डाइटिशियन पूनम दुनेजा ने बताया कि काले अंगूरों में रेस्वेराट्रोल और फ्लेवोनॉयड्स जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं. ये तत्व शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करते हैं. वहीं हरे अंगूरों में भी एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, लेकिन उनकी मात्रा काले अंगूरों की तुलना में थोड़ी कम मानी जाती है. कुल मिलाकर पोषक तत्व दोनों में होते हैं, लेकिन इनकी मात्रा अलग-अलग होती है.
एक्सपर्ट ने बताया कि हार्ट हेल्थ के लिए काले अंगूर ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें मौजूद रेस्वेराट्रोल ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है और बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद करता है. हरे अंगूर भी दिल के लिए अच्छे हैं, लेकिन काले अंगूर दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में थोड़ा ज्यादा असरदार माने जाते हैं. इसके अलावा हरे अंगूर हल्के और आसानी से पचने वाले होते हैं. इनमें फाइबर और पानी की मात्रा अच्छी होती है, जो कब्ज से राहत दिलाने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है. पेट से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों के लिए हरे अंगूर बेहतर विकल्प हो सकते हैं.
डाइटिशियन ने बताया कि दोनों अंगूरों में नेचुरल शुगर होती है, लेकिन काले अंगूरों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स थोड़ा कम माना जाता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स इंसुलिन सेंसिटिविटी सुधारने में मदद कर सकते हैं. हालांकि डायबिटीज के मरीजों को किसी भी तरह के अंगूर सीमित मात्रा में ही खाने की सलाह दी जाती है. काले अंगूर स्किन एजिंग के लक्षणों को कम करने में मदद करते हैं. इनमें मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को चमकदार बनाते हैं और झुर्रियों को कम कर सकते हैं. वहीं हरे अंगूर त्वचा को हाइड्रेट रखने और बालों को मजबूती देने में सहायक होते हैं.
एक्सपर्ट की मानें तो वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए हरे अंगूर बेहतर विकल्प माने जाते हैं, क्योंकि इनमें कैलोरी थोड़ी कम होती है और पानी की मात्रा ज्यादा होती है. ये लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं. काले अंगूर भी वजन घटाने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इनका सेवन सीमित मात्रा में करना ज्यादा सही रहता है. कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि हरे और काले दोनों ही अंगूर अपने-अपने तरीके से सेहत के लिए फायदेमंद हैं.बेहतर यही है कि संतुलन बनाए रखते हुए दोनों को अपनी डाइट में शामिल किया जाए.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें