जरूरत की खबर- हेल्दी ब्रेन चाहिए, खाएं ये 14 चीजें: शुगर और ट्रांस फैट ब्रेन के लिए खतरा, डॉक्टर से जानें 6 जरूरी सावधानियां

15 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

ब्रेन हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। यह हमारी हर सोच, हर काम और हर फैसले को कंट्रोल करता है। इसलिए ब्रेन का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए सही डाइट का चुनाव करना सबसे पहला कदम है क्योंकि जो हम खाते हैं, वह सीधे हमारी मानसिक क्षमता, याददाश्त और ध्यान पर असर डालता है।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ब्रेन पर लगातार दबाव रहता है। ऐसे में सही खानपान न केवल शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि ब्रेन की परफॉर्मेंस, फोकस और मेमोरी को भी बेहतर बनाता है।

तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम ब्रेन को हेल्दी बनाए रखने के टिप्स के बारे में बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-

  • पौष्टिक तत्वों से भरपूर चीजें हमारे ब्रेन को कैसे सपोर्ट करती हैं?
  • खानपान के अलावा और कौन सी चीजें हैं, जो ब्रेन हेल्थ को प्रभावित करती हैं?

एक्सपर्ट: डॉ. अनु अग्रवाल, न्यूट्रिशनिस्ट और ‘वनडाइटटुडे’ की फाउंडर

सवाल- ब्रेन को हेल्दी बनाए रखने के लिए डाइट में कौन से फूड्स शामिल करने चाहिए?

जवाब- ब्रेन को तेज और हेल्दी बनाए रखने के लिए डाइट में कुछ खास सुपरफूड्स बेहद जरूरी हैं। ये न सिर्फ ब्रेन को एनर्जी देते हैं बल्कि याददाश्त, ध्यान और सोचने-समझने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से ब्रेन के सुपरफूड्स की लिस्ट देखिए-

आइए, अब एक एक करके इन सुपरफूड्स के बारे में जानते हैं।

ब्लूबेरी

यह छोटा फल बहुत पावरफुल है। ब्लूबेरी में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो ब्रेन को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और इंफ्लेमेशन से बचाते हैं। माना जाता है कि ये ब्रेन की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं और याददाश्त में सुधार करते हैं।

डार्क चॉकलेट

यह एक ब्रेन बूस्टर है। डार्क चॉकलेट में फ्लेवोनॉयड्स, कैफीन और एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो याददाश्त और ध्यान को बढ़ाकर ब्रेन के काम को बेहतर बनाते हैं। यह मूड को अच्छा करता है, फोकस बढ़ाता है और ब्रेन को तुरंत एनर्जी देता है।

हल्दी

इसे गोल्डन ब्रेन फूड कहते हैं। हल्दी में करक्यूमिन नामक एक कंपाउंड होता है, जो ब्रेन में इंफ्लेमेशन को कम करता है। यह BDNF (ब्रेन-डिराइव्ड न्यूरोट्रॉफिक फैक्टर) को भी बढ़ाता है, जो याददाश्त को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण है।

कद्दू के बीज

ये पोषक तत्वों से भरे होते हैं। कद्दू के बीज मैग्नीशियम, जिंक, आयरन और एंटीऑक्सिडेंट का खजाना हैं। जिंक सीखने और याददाश्त के लिए जरूरी है, जबकि मैग्नीशियम तनाव और डिप्रेशन से बचाता है।

कॉफी

कॉफी का कैफीन एडेनोसिन नामक नींद लाने वाले केमिकल को रोकता है, जिससे ब्रेन अलर्ट रहता है। यह डोपामिन को भी सक्रिय करता है, जिससे मूड और फोकस बेहतर होता है।

ड्राई फ्रूट्स

इनमें विटामिन E और ओमेगा-3 फैटी एसिड होते हैं, जो ब्रेन सेल्स को नुकसान से बचाते हैं। खासकर अखरोट ब्रेन-शेप्ड नट है, जो याददाश्त को बढ़ाने में मददगार है। ब्रेन सेल्स को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाती है।

ब्रॉकली

यह एक ब्रेन सुपरफूड है। यह सब्जी एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन K और ब्रेन को हेल्दी रखने वाले तत्वों से भरपूर होती है। विटामिन K ब्रेन सेल्स के लिए जरूरी बनाने में मदद करता है, जो ब्रेन हेल्थ के लिए अहम हैं।

अंडे

अंडे में कोलीन नामक पोषक तत्व होता है, जो एसिटाइलकोलीन नामक न्यूरोट्रांसमीटर बनाने में मदद करता है। यह न्यूरोट्रांसमीटर सीखने और याददाश्त के लिए बेहद जरूरी है।

ग्रीन टी

ग्रीन टी में कैफीन होता है, जो ब्रेन को अलर्ट रखता है। लेकिन इसकी खासियत L-थेनाइन में है, जो ध्यान और शांति को एक साथ बढ़ाता है।

अनार और संतरे

दोनों ही विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर हैं। ये ब्रेन को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और उम्र से जुड़ी मानसिक कमजोरी को धीमा करते हैं।

फैटी फिश

ये ओमेगा-3 का पावरहाउस हैं। सैल्मन, सार्डिन और ट्राउट जैसी मछलियां ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती हैं, जो ब्रेन के काम के लिए जरूरी हैं।

मोटे अनाज

क्विनोआ, ब्राउन राइस और ओट्स धीरे-धीरे ग्लूकोज रिलीज करते हैं। इससे ब्रेन को दिनभर ऊर्जा मिलती रहती है और फोकस बना रहता है।

टमाटर, पालक और चुकंदर

टमाटर में मौजूद लाइकोपीन एंटीआक्सिडेंट ब्रेन सेल्स को अल्जाइमर जैसी बीमारियों से बचाता है। पालक में मौजूद फोलेट और आयरन होते हैं, जो ब्रेन की थकान कम करते हैं। वहीं चुकंदर ब्लड फ्लो और ऑक्सीजन सप्लाई को ब्रेन तक बढ़ाता है।

दही

इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंत के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं, जिसका संबंध ब्रेन फंक्शन से है। इससे तनाव कम होता है और मानसिक स्पष्टता बढ़ती है।

सवाल- ये फूड्स कितनी जल्दी असर करते हैं?

जवाब- कॉफी और ग्रीन टी तुरंत असर करती हैं। लेकिन मछली, ड्राई फ्रूट्स और हरी सब्जियों का असर धीरे-धीरे हफ्तों व महीनों में दिखता है।

सवाल- खाने-पीने की कौन-सी चीजें ब्रेन पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं?

जवाब- कुछ खाने-पीने की चीजें ब्रेन हेल्थ को नुकसान पहुंचाती हैं। ये धीरे-धीरे याददाश्त, ध्यान और सोचने की क्षमता को कमजोर कर सकती हैं। इसलिए इनसे बचना जरूरी है।

सवाल- खानपान के अलावा और कौन-सी चीजें ब्रेन हेल्थ को प्रभावित करती हैं?

जवाब- सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल और रोजमर्रा की आदतें भी ब्रेन की सेहत पर गहरा असर डालती हैं। अगर इन बातों का ध्यान रखा जाए तो याददाश्त, ध्यान और सोचने-समझने की क्षमता लंबे समय तक मजबूत बनी रहती है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- ब्रेन के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्व कौन से हैं?

जवाब- ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सिडेंट्स, विटामिन B, विटामिन E, जिंक और मैग्नीशियम दिमाग को मजबूत बनाने में सबसे महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

सवाल- कितने घंटे की नींद ब्रेन हेल्थ के लिए जरूरी है?

जवाब- वयस्कों को रोजाना 7–8 घंटे की नींद चाहिए, जबकि बच्चों और किशोरों को इससे ज्यादा (9–11 घंटे तक) की नींद लेनी चाहिए।

सवाल- क्या तनाव ब्रेन हेल्थ को नुकसान पहुंचाता है?

जवाब- न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. अनु अग्रवाल बताती हैं हां, लगातार तनाव से कॉर्टिसोल हाॅर्मोन बढ़ता है, जो याददाश्त और ध्यान को कमजोर करता है।

सवाल- क्या ज्यादा स्क्रीन टाइम ब्रेन को प्रभावित करता है?

जवाब- डॉ. अनु अग्रवाल कहती हैं कि लगातार स्क्रीन टाइम ज्यादा रहने से नींद प्रभावित होती है। इसके चलते एकाग्रता में कमी हो सकती है।

……………………

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- खाली पेट न खाएं ये 10 चीजें:पाचन तंत्र को हो सकता है नुकसान, कैसी हो मॉर्निंग डाइट, जानें न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह

हम कब, क्या और कैसे खाते हैं, इसका हमारी सेहत पर सीधा असर पड़ता है। खासकर सुबह की पहली डाइट हमारे पाचन तंत्र, मेटाबॉलिज्म और पूरे दिन के एनर्जी लेवल को गहराई से प्रभावित करती है। यही हमारे दिनभर की सेहत की बुनियाद भी तय करती है। इसलिए सुबह की डाइट हेल्दी होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *