मानसून में फल-सब्ज़ियों को कैसे करें सुरक्षित? जानें धोने और सैनिटाइज करने के आसान घरेलू तरीके

बरसात का मौसम जहां राहत लेकर आता है, वहीं कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है. गीले वातावरण में बैक्टीरिया, फंगस और कीटाणु तेजी से फैलते हैं. ऐसे में सबसे ज्यादा खतरा हमारे खाने-पीने की चीजों, खासकर फल और सब्ज़ियों से होता है. इन्हें अगर सही तरीके से साफ न किया जाए तो पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियां जैसे फूड प्वॉइजनिंग, डायरिया, टाइफॉइड और हैजा फैल सकती हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सिर्फ फल-सब्जियां खरीदकर घर लाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सही तरीके से धोना और सैनिटाइज करना बेहद ज़रूरी है.

1. साफ पानी से धोना है सबसे जरूरी
अक्सर लोग समझते हैं कि केवल बहते पानी से हल्का सा धो लेना पर्याप्त है, लेकिन ऐसा नहीं है. हर फल और सब्ज़ी को कम से कम 30 सेकंड तक बहते पानी में रगड़कर धोना चाहिए. इससे धूल-मिट्टी और सतह पर मौजूद बैक्टीरिया निकल जाते हैं.

2. सिरके वाले पानी का इस्तेमाल करें
एक बर्तन में 3 भाग पानी और 1 भाग सिरका डालकर सब्ज़ियों को 10-15 मिनट तक भिगोकर रखें. इससे उनकी सतह पर मौजूद हानिकारक जीवाणु और वैक्स की परत हट जाती है. ध्यान रहे कि सिरका अधिक मात्रा में न डालें, वरना स्वाद बिगड़ सकता है.

3. नमक वाले पानी से छिपे कीड़े बाहर आएंगे
हरी सब्ज़ियां जैसे पालक, फूलगोभी, ब्रोकली में अक्सर छोटे कीड़े छिपे रहते हैं. इन्हें हल्के गुनगुने नमक के पानी में कुछ देर रखने से कीड़े बाहर निकल आते हैं. बाद में इन्हें साफ पानी से धोना न भूलें.

4. जड़ वाली सब्ज़ियों के लिए ब्रश का इस्तेमाल
आलू, गाजर, मूली जैसी जड़ वाली सब्ज़ियों को केवल पानी से धोना पर्याप्त नहीं है. इनके लिए मुलायम ब्रश से हल्के हाथ से रगड़ना जरूरी है, ताकि मिट्टी और कीटनाशक की परत आसानी से निकल जाए.

5. वैक्स और कैमिकल्स हटाने के लिए बेकिंग सोडा
सेब, अंगूर, टमाटर या खीरे पर अक्सर वैक्स या रसायन की परत चढ़ी होती है. इसे हटाने के लिए बेकिंग सोडा और पानी का मिश्रण उपयोग करें. हल्के हाथ से रगड़कर धोने से यह परत हट जाती है.

6. कब धोएं और कैसे स्टोर करें
फल और सब्ज़ियों को धोकर लंबे समय तक फ्रिज में स्टोर न करें. इससे वे जल्दी खराब हो सकती हैं. सबसे अच्छा तरीका है कि जब इन्हें पकाना या खाना हो तभी धोएं. अगर मजबूरी में पहले धोना पड़े तो इन्हें अच्छे से सुखाकर ही स्टोर करें.

7. पकाने से पहले गर्म पानी में डुबोकर रखें
बरसात में गोभी जैसी सब्ज़ियों को पकाने से पहले कुछ मिनट तक गर्म पानी में डुबोकर रखना फायदेमंद होता है. इससे उनमें छिपे कीटाणु और कीड़े खत्म हो जाते हैं.

8. सबसे जरूरी – सुखाना न भूलें
अगर फल और सब्ज़ियां धोने के बाद गीली रह जाती हैं तो उन पर बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं. इसलिए इन्हें सूखे कपड़े, पेपर टॉवल या सलाद स्पिनर से अच्छे से सुखाना जरूरी है.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *