Last Updated:
Turkey Earthquake News: तुर्की के वान प्रांत में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया है. घबराहट में लोग घरों से बाहर निकले. राहत की बात है कि अभी तक बड़े नुकसान की खबर नहीं है. एक दिन पहले अफगानिस्तान में भूकंप आया था, जिसकी आहट दिल्ली तक सुनाई दी.
तुर्की में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. (फाइल फोटो)
भारत में खलबली मचाने के बाद अब तुर्की में भूकंप ने हड़कंप मचाया है. जी हां, तुर्की में जोरदार भूकंप आया है. तुर्की के वान प्रोविंस में आज यानी शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई है. फिलहाल, किसी नुकसान की कोई बड़ी खबर नहीं है. एक रात पहले ही दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. इसका केंद्र अफगानिस्तान था.
तुर्की की आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने घोषणा की कि पूर्वी तुर्की के वान प्रांत के तुशबा जिले में रिक्टर पैमाने पर 5.2 तीव्रता का भूकंप आया. इस भूकंप के आते ही खलबली मच गई. लोग डर के मारे घरों से बाहर भागने लगे. लोगों को ऐसे लगा जैसे फिर से यह जलजला तबाही लेकर आया है. काफी देर तक घर में रखे सामान हिलने लगे. पंखे से लेकर पलंग तक डोलने लगे. राहत की बात है कि अभी तक कोई बड़े नुकसान की खबर नहीं है.
इससे पहले दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप शुक्रवार रात को भूकंप आया था. दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर भारत में कई स्थानों पर शुक्रवार रात 9:46 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए.
हालांकि, इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान था. उत्तरी एवं पूर्वी अफगानिस्तान और पश्चिमी पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में शुक्रवार देर रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया. काबुल के गवर्नर के प्रवक्ता ने बताया कि भूकंप के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हुई.
यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और हाल के वर्षों में भूकंपों के कारण हजारों लोगों की जान गई है. ‘यूरो-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर’ और ‘यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे’ के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के कुंदुज शहर से लगभग 150 किलोमीटर (93 मील) पूर्व में हिंदूकुश पर्वतमाला में था.
भूकंप का केंद्र 180 किलोमीटर से अधिक की गहराई पर था. इसके झटके अफगानिस्तान और पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से में महसूस किए गए. पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस्लामाबाद, पेशावर, चित्राल, स्वात और शांगला के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए.
About the Author
Shankar Pandit has more than 10 years of experience in journalism. Before News18 (Network18 Group), he had worked with Hindustan times (Live Hindustan), NDTV, India News Aand Scoop Whoop. Currently he handle ho…और पढ़ें
.