Vitamin Deficiency and Dry Skin: सर्दियों में स्किन ड्राइनेस की समस्या काफी बढ़ जाती है. ठंडी हवा के कारण स्किन की नमी कम हो जाती है और इससे ड्राइनेस आने लगती है. कई बार यह मौसम की वजह से होता है, जबकि कुछ लोगों की यह समस्या पूरे साल रहती है. अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ड्राई है, तो इसकी वजह आपके शरीर में कुछ विटामिन्स की कमी हो सकती है. स्किन की नमी को बनाए रखने के लिए बेहतर खानपान, पर्याप्त मात्रा में पानी और सही माइस्चराइजर की जरूरत होती है. स्किन की नमी को बनाए रखने में कुछ खास विटामिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जब इनकी कमी होती है, तो त्वचा नमी खो देती है और ड्राईनेस, खुरदरापन, खुजली जैसे लक्षण उभर सकते हैं. चलिए जानते हैं कि कौन-कौन से विटामिन्स की कमी स्किन को ड्राई बना सकती है और किन फूड्स से यह समस्या दूर कर सकते हैं.
स्किन के लिए सबसे जरूरी विटामिन्स में विटामिन C भी शुमार है. यह कोलेजन निर्माण में मददगार है और स्किन को मजबूती देने में मदद करता है. अगर विटामिन C की कमी हो, तो त्वचा ज्यादा नाजुक और ड्राई दिख सकती है. जब विटामिन A की कमी हो, त्वचा पर खुरदरापन, दाने, एक्जिमा या खुजली बनी रहती है. विटामिन E और C की कमी से त्वचा पर रूखापन और खुजली की समस्या होती है. कभी-कभी लालिमा या सूजन भी हो सकती है. विटामिन D कमी से त्वचा पर एलर्जी बढ़ सकती है. यह विशेषकर उन जगहों पर दिख सकता है, जहां सूर्य की रोशनी कम पहुंचती है.
विटामिन A की कमी दूर करने के लिए गाजर, शकरकंद, पालक, हरी पत्तेदार सब्जियां, शिमला मिर्च, कटहल और आम खाएं. विटामिन E के लिए अंडे, बादाम, सूरजमुखी के बीज, ड्राई फ्रूट्स, मूंगफली का तेल और हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं. विटामिन D की कमी दूर करने के लिए रोज आधा घंटा धूप में बैठें और फैटी फिश, अंडे की जर्दी, मशरूम, फोर्टिफाइड दूध या डेयरी प्रोडक्ट का सेवन करें. विटामिन C के लिए नींबू, संतरा, अमरूद, कीवी, स्ट्रॉबेरी, बेल पेपर, ब्रोकली खाएं. ये सभी विटामिन्स त्वचा को हाइड्रेटेड और हेल्दी रखने में मदद करते हैं. स्किन की ड्राइनेस दूर करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी होता है. अगर शरीर पानी की कमी में हो, तो त्वचा अपनी नमी खो सकती है और ड्राइनेस बढ़ सकती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)