निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में एक शराब के नशे में धुत युवक ने सरेआम सड़क पर हंगामा किया। बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में युवक ने पहले लोगों से गाली-गलौज की और फिर अचानक अपने कपड़े उतारकर सड़क पर बवाल मचाने लगा। इसका वीडियो भी सामने आया है। यह पूरा मामला निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक शराब के नशे में पूरी तरह धुत होकर बस स्टैंड पर पहुंच गया था। बस स्टैंड पर पहले तो वह इधर-उधर घूमते हुए लोगों से बहस करने लगा और राहगीरों को गालियां देने लगा। धीरे-धीरे उसका व्यवहार और ज्यादा आक्रामक होता गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक युवक ने अपने कपड़े उतार दिए और सड़क के बीचोंबीच खड़ा होकर हंगामा करने लगा। बस स्टैंड पर मौजूद लोग यह नजारा देखकर हैरान रह गए। कुछ लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन नशे में धुत युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसी बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। अब वीडियो यह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पृथ्वीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले युवक को शांत करने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह काबू में नहीं आया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर किसी तरह कपड़े पहनाए और वहां से हटाकर थाने ले गए, ताकि बस स्टैंड पर हो रही अव्यवस्था को खत्म किया जा सके। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं लोगों को असहज कर देती हैं और इससे इलाके की छवि भी खराब होती है। हालांकि, पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। .