खजाने से कम नहीं है सहजन! जानिए इस ‘मिरेकल ट्री’ के 5 चमत्कारी फायदे….

Moringa Health Benefits: प्रकृति ने हमें कई ऐसे पौधे दिए हैं जो हमारी सेहत को मजबूत बनाते हैं और बीमारियों से दूर रखते हैं. इन्हीं में से एक है सहजन जिसे मोरिंगा या ड्रमस्टिक भी कहा जाता है. भारत के कई हिस्सों में यह आसानी से उपलब्ध होता है और खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण का खजाना भी है. सहजन (Sehjan ke Fayde) की फलियां, पत्तियां और फूल सभी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं. इसमें विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं. सहजन का इस्तेमाल भारतीय रसोई में सब्जी, सांभर, सूप और अचार बनाने में किया जाता है.

सहजन का पोषण और स्वास्थ्य पर असर
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान संजीवनी हर्बल गॉर्डन के वन दरोगा राकेश रावत ने बताया कि सहजन (Drumstick Benefits) एक ऐसी हरी सब्जी है जो स्वाद, सेहत और पोषण तीनों में बेहतरीन है. इसके नियमित सेवन से हड्डियां मजबूत रहती हैं, शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है, पाचन बेहतर होता है और त्वचा-बाल दोनों स्वस्थ रहते हैं. अगर आप अपनी डाइट में सहजन को शामिल करते हैं तो यह लंबे समय तक स्वस्थ रहने का एक आसान और प्राकृतिक तरीका हो सकता है. यह न केवल शरीर को मजबूत बनाता है बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव करता है.

सहजन में मौजूद पोषक तत्व
सहजन में विटामिन ए, विटामिन सी, कैल्शियम, पोटैशियम और आयरन की भरपूर मात्रा होती है. विटामिन ए आंखों की रोशनी के लिए जरूरी है जबकि विटामिन सी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है. कैल्शियम और पोटैशियम हड्डियों को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाते हैं. आयरन शरीर में खून की कमी को पूरा करने में मदद करता है. इसके अलावा इसमें प्रोटीन, मैग्नीशियम और जिंक भी मौजूद होते हैं जो समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं.

हड्डियों को मजबूत बनाना
सहजन हड्डियों के लिए एक नेचुरल टॉनिक की तरह काम करता है. इसमें मौजूद कैल्शियम और फॉस्फोरस हड्डियों को मजबूत और लचीला बनाते हैं. यह बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए खासतौर पर फायदेमंद है क्योंकि इन वर्गों में हड्डियों से जुड़ी समस्याएं ज्यादा देखने को मिलती हैं. नियमित सेवन से हड्डियों में दर्द और कमजोरी कम हो सकती है.

ब्लड शुगर को कंट्रोल करना
सहजन का सेवन डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी है. इसमें ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखते हैं और अचानक बढ़ने या घटने से रोकते हैं. सहजन की पत्तियों का जूस या सब्जी ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है.

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना
सहजन में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं. यह शरीर को संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचाने में मदद करता है. ठंड के मौसम में सहजन का सेवन सर्दी, खांसी और जुकाम से बचाव के लिए अच्छा उपाय है.

पाचन और वजन घटाने में मददगार
सहजन में फाइबर की मात्रा अधिक होती है जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है. यह पेट साफ रखने, कब्ज से राहत दिलाने और भूख को नियंत्रित करने में मदद करता है. साथ ही, यह मेटाबॉलिज्म को बढ़ाकर फैट बर्न करने की प्रक्रिया को तेज करता है जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है.

त्वचा और बालों के लिए फायदे
सहजन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाते हैं. यह झुर्रियों और उम्र बढ़ने के संकेतों को कम करने में मदद करता है. बालों के लिए भी यह फायदेमंद है क्योंकि इसमें आयरन और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है जो बालों की जड़ों को मजबूत करता है और हेयर ग्रोथ को बढ़ावा देता है.

सहजन का सेवन करने के तरीके
सहजन का सेवन करने के कई आसान और स्वादिष्ट तरीके हैं:
सहजन की फलियों की सब्जी बनाकर.
सहजन के पत्तों का सूप या जूस बनाकर.
सहजन पाउडर को पानी या दूध में मिलाकर.
सहजन के पत्तों को सलाद में डालकर.
सहजन के फूलों का पकौड़ा या करी बनाकर.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *