नीमच जिले में मंगलवार को रंगतेरस के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक ‘गैर’ को लेकर पुलिस सख्त हैं। सोमवार को नीमच सिटी, बघाना, मनासा और जावद सहित प्रमुख कस्बों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी अंकित जायसवाल ने सभी थाना प्रभारियों को मुस्तैद रहने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। एसपी ने अधिकारियों को ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर सुरक्षा में चूक नहीं होनी चाहिए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम से ‘तीसरी आंख’ के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा जावद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस ने पैदल मार्च कर आमजन से शांति की अपील की। नीमच शहर में सीएसपी किरण चौहान ने केंट और सिटी क्षेत्र की संकरी गलियों में बल के साथ मार्च किया। मनासा में प्रभारी एसडीओपी निकीता सिंह ने पुलिस बल को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमान संभाली। संवेदनशील कस्बों में पुलिस का अलर्ट मोड कुकड़ेश्वर, रतनगढ़ और सिंगोली जैसे प्रमुख केंद्रों पर पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों से त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने की समझाइश दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सड़कों पर अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। .