निवाड़ी में इंदौर में जहरीले पानी से हुई मौतों के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। निवाड़ी जिला प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। निवाड़ी में नालियों से गुजर रही पेयजल पाइपलाइनें मिलने के बाद कलेक्टर जमुना भिड़े ने उन्हें तत्काल शिफ्ट करने
.
कलेक्टर जमुना भिड़े ने दो दिन पहले नगर पालिका और राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली थी। इसमें उन्होंने खराब और जोखिम भरी पाइपलाइनों की जांच करने और उन्हें बदलने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बाद जिलेभर में पाइपलाइनों की जांच का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया।
जांच अभियान के दौरान निवाड़ी क्षेत्र से एक तस्वीर सामने आई, जिसमें दिखा कि गटर एरिया की पाइपलाइनों से घरों में कनेक्शन दिए गए थे। यह जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और ऐसी सभी पाइपलाइनों को शिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए। प्रशासन ने मौके पर सफाई कर्मियों को भेजकर लाइन बदलने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करवाई।
कलेक्टर जमुना भिड़े इंदौर जैसी घटना की पुनरावृत्ति को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने सभी नगर पालिकाओं के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक में दो टूक कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वच्छ पानी की सतत निगरानी के भी आदेश जारी किए हैं।
वर्तमान में निवाड़ी नगर में पाइपलाइनों की सघन जांच की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जो भी पाइपलाइन नालियों या ड्रेनेज के साथ चल रही है, उसे हर हाल में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
