Beetroot Juice Benefits: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही हमारी डाइट में कुछ ऐसी चीज़ें शामिल हो जाती हैं, जो सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि अंदर से बॉडी को भी मजबूत बनाती हैं. इन्हीं में से एक है चुकंदर. ज्यादातर लोग इसे सलाद में खाने तक ही सीमित रखते हैं, लेकिन असली फायदा तब मिलता है जब इसका जूस पिया जाए. खासकर अगर इस जूस में थोड़ा सा अदरक मिला दिया जाए, तो इसके गुण और ज्यादा बढ़ जाते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट मानते हैं कि चुकंदर में जो नाइट्रेट मौजूद होता है, वह ब्लड फ्लो सुधारने में मदद करता है. एमडीपीआई द्वारा प्रकाशित एक स्टडी में बताया गया है कि चुकंदर का जूस दिल की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है और इससे ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रह सकता है. वहीं, नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी स्टडी बताती है कि अदरक में मौजूद जिंजरोल और शोगाओल जैसे यौगिक सूजन कम करने के साथ-साथ कई बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं. यानी चुकंदर और अदरक दोनों अपने-आप में फायदेमंद हैं, लेकिन जब इनका कॉम्बिनेशन खाली पेट पिया जाता है, तो यह बॉडी को डिटॉक्स करता है, इम्यूनिटी बढ़ाता है और सिस्टम को एक्टिव रखता है. आजकल लोग एनर्जी ड्रिंक, सप्लीमेंट और अलग-अलग डाइट ट्रेंड फॉलो करते हैं, लेकिन नेचुरल ड्रिंक का असर ज्यादा बेहतर और सुरक्षित होता है. इसलिए अगर आप सर्दियों में खुद को फिट रखना चाहते हैं, स्किन पर ग्लो लाना चाहते हैं या पाचन मजबूत करना चाहते हैं, तो चुकंदर और अदरक का जूस आपकी डेली रूटीन में शामिल किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसके फायदे, पीने का सही तरीका और कितने दिनों तक इसे लेना चाहिए.
चुकंदर और अदरक का कॉम्बिनेशन क्यों है खास?
चुकंदर में नाइट्रेट, फाइबर, आयरन, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में होते हैं. ये दिल, लिवर और ब्लड सर्कुलेशन के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. दूसरी तरफ अदरक में विटामिन सी, बी6, मैग्नीशियम, कॉपर और मैंगनीज जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसमें मौजूद जिंजरोल बॉडी में सूजन कम करने में मदद करता है और इम्यून सिस्टम को सपोर्ट देता है.
इन दोनों का मिश्रण शरीर को अंदर से क्लीन रखने, ब्लड फ्लो सुधारने और एनर्जी लेवल बढ़ाने में मददगार माना जाता है.
पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
चुकंदर में फाइबर ज्यादा होता है, जिससे मल त्याग सहज रहता है और पेट भारी होने की समस्या कम होती है. अदरक के पाचक गुण गैस, अपच और पेट फूलने जैसी परेशानी में राहत देते हैं. रोज सुबह खाली पेट एक ग्लास जूस पीने से मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और पाचन सही चलता है.
वजन कम करने में मदद
अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह ड्रिंक आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. चुकंदर और अदरक बॉडी को डिटॉक्स करते हैं, जिससे टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और फैट जमा होने की रफ्तार कम हो सकती है. यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बिना जरूरत खाने की आदत कम होती है.
दिल की सेहत में सुधार
एमडीपीआई की स्टडी के अनुसार, चुकंदर में मौजूद नाइट्रेट ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करता है, जिससे ब्लड प्रेशर संतुलित रह सकता है. अदरक भी हार्ट हेल्थ में सपोर्टिव माना जाता है. यह खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद कर सकता है और ब्लड क्लॉट बनने के जोखिम को घटा सकता है.
स्किन और बालों के लिए फायदेमंद
इस जूस में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, जो स्किन को अंदर से ग्लो देते हैं. यह पिंपल, दाग-धब्बे और रुखापन कम करने में मदद करता है. चुकंदर ब्लड को साफ रखने में मददगार माना जाता है, जिससे स्किन हेल्दी दिखती है. अदरक scalp में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाकर बालों को मजबूत करने में सपोर्ट कर सकता है.
इम्यूनिटी मजबूत होती है
चुकंदर और अदरक में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को इंफेक्शन से बचाने में मदद करते हैं. अदरक का एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सर्दी-जुकाम में राहत देता है और मौसम बदलने पर बीमार होने का खतरा कम कर सकता है.
चुकंदर का जूस कितने दिन तक पीना चाहिए?
इस जूस को लगातार 10 से 15 दिनों तक पिया जा सकता है. इसके बाद कुछ दिन का ब्रेक देना अच्छा रहता है. लंबे समय तक रोजाना ज्यादा मात्रा में पीने से बीटूरिया जैसी स्थिति हो सकती है, जिसमें पेशाब या मल का रंग हल्का गुलाबी दिख सकता है.
हफ्ते में 2-3 बार इसे पीना सुरक्षित माना जाता है, लेकिन अगर आपको किडनी स्टोन, लो ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या कोई दवा चल रही है, तो डॉक्टर की सलाह जरूरी है.
कैसे और कब पिएं?
-सुबह खाली पेट ताज़ा जूस पिएं
-एक ग्लास में आधा चुकंदर, एक छोटा टुकड़ा अदरक मिलाएं
-नींबू के कुछ बूंदें और पुदीना स्वाद बढ़ा सकते हैं
-जूस को स्टोर न करें, तुरंत पीना बेहतर होता है