Last Updated:
देशभर में कुत्तों से जुड़े मामले हाल के दिनों में लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. जहां कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुश हैं, वहीं कुछ लोग कुत्तों के हमलों और काटने की घटनाओं से परेशान हैं खासकर उन इलाकों में जहां कुत्तों की संख्या अधिक है, वहां के लोगों के लिए सावधानी और समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है, क्योंकि टीकाकरण न कराना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
आप मऊ जनपद के निवासी हैं और यदि किसी कुत्ते ने आपको काट लिया या चाट लिया है और इंजेक्शन लगवाना है, तो आप मऊ सदर अस्पताल में इंजेक्शन लगवा सकते हैं. यहां आसानी से इंजेक्शन उपलब्ध है और ₹1 की पर्ची पर आपको एंटी रेबीज का इंजेक्शन मिलेगा.

कुत्ते के काटने से लोग काफी परेशान रहते हैं. हालांकि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से कुत्ता प्रेमियों में खुशी का माहौल रहा, लेकिन इन कुत्तों के आतंक से लोग काफी परेशान हैं, क्योंकि काटे जाने के बाद इंजेक्शन लगवाने के लिए उन्हें यहां-वहां भटकना पड़ता है.

मऊ जनपद में सिर्फ जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी एंटी रेबीज का इंजेक्शन उपलब्ध है. यदि आप रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र से आते हैं, तो रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इंजेक्शन लगवाया जा सकता है. यहां सिर्फ मऊ ही नहीं, बल्कि गाजीपुर जैसे अन्य जनपदों से भी लोग इंजेक्शन लगवाने आते हैं. इस केंद्र के अधीक्षक अशोक चौहान बताते हैं कि यहां प्रतिदिन 80 से 90 मरीजों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया जाता है.

मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र से आने वाले लोग मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रेबीज का इंजेक्शन ले सकते हैं. यहां 365 दिन एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध रहता है. केवल मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के ही नहीं, बल्कि आजमगढ़ जैसे अन्य जनपदों से भी लोग इंजेक्शन लगवाने आते हैं. अधीक्षक रामबदन राजभर बताते हैं कि यहां प्रतिदिन 50 से 60 लोगों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया जाता है और पर्याप्त मात्रा में इंजेक्शन उपलब्ध रहता है.

डॉ. संतोष यादव बताते हैं कि यदि कुत्ता काट लेता है तो लोग घबरा जाते हैं कि इंजेक्शन कैसे और कितने लगेगा. हालांकि इसमें घबराने की जरूरत नहीं है. कुत्ता काटने के बाद चार इंजेक्शन लगाए जाते हैं, जो क्रमशः 0, 3, 7 और 28वें दिन दिए जाते हैं. इसके लिए अस्पताल कोई चार्ज नहीं लेता, बस 1 रुपए की पर्ची कटवानी होती है.

लोकल 18 से बात करते हुए डॉ. संतोष यादव बताते हैं कि यदि किसी को कुत्ता काट दे या चाट ले, तो उसे कम से कम 10 मिनट तक लाइफबॉय साबुन से अच्छे से धोना चाहिए. इसके बाद देर न करते हुए अपने नजदीकी अस्पताल जाकर एंटी रेबीज का इंजेक्शन अवश्य लगवाना चाहिए. किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या बन सकती है.