जरूरत की खबर- क्या आपको बहुत ज्यादा जम्हाई आती है: हो सकता है इन 7 हेल्थ प्रॉब्लम्स का संकेत, डॉक्टर से जानें सभी सवालों के जवाब

21 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

उबासी या जम्हाई लेना हमारे शरीर की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। यह अक्सर थकान, नींद या बोरियत की वजह से होती है। लेकिन अगर लगातार और बिना किसी वजह के बहुत ज्यादा जम्हाई आती है तो यह हार्ट डिजीज से लेकर न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर तक किसी अंदरूनी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकती है।

कभी-कभार ऐसा होना तो सामान्य है। लेकिन अगर नियमित रूप से बहुत ज्यादा जम्हाई आती है तो इसे नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। हालांकि कुछ आसान उपायों से इससे राहत मिल सकती है।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, जम्हाई आराम की भावना से जुड़ी होती है। इसे लंबे समय से बोरियत का संकेत माना जाता रहा है। यह संक्रामक भी है क्योंकि जम्हाई के बारे में देखने, सुनने, पढ़ने या यहां तक कि सोचने से भी जम्हाई आ सकती है।

तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम जम्हाई के कारणों के बारे में विस्तार से बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-

  • ज्यादा जम्हाई किन स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है?
  • इस समस्या से कैसे राहत पाया जा सकता है?

एक्सपर्ट: डॉ. संचयन रॉय, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, दिल्ली

सवाल- जम्हाई क्या है?

जवाब- जम्हाई वह प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति अपना मुंह चौड़ा खोलकर गहरी सांस अंदर लेता हैं और फिर छोड़ता है। यह ज्यादातर अनजाने में होती है यानी इसे रोकना मुश्किल होता है। अंग्रेजी में इसे ऑसीटेशन (Oscitation) कहा जाता है। एक जम्हाई लगभग 4-7 सेकेंड तक चलती है और इसमें गले, मुंह और चेहरे की मांसपेशियां खिंचती हैं। यह अक्सर थकान, नींद या ऊब के कारण होती है।

सवाल- उबासी या जम्हाई आने के क्या कारण हैं?

जवाब- इसके कई कारण हो सकते हैं, जो अक्सर शरीर और ब्रेन की जरूरतों से जुड़े होते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

आइए, अब जम्हाई के कारणों के बारे में थोड़ा विस्तार से बात करते हैं।

नींद की कमी

जब पर्याप्त नींद नहीं मिलती तो शरीर थकान महसूस करता है। इस थकान को दूर करने और शरीर को जगाए रखने के लिए उबासी आती है।

मानसिक थकान या बोरियत

जब आप किसी नीरस काम में लगे होते हैं या दिमाग थक जाता है तो उबासी आ सकती है। यह दिमाग को फिर से एक्टिव करने का एक तरीका हो सकता है।

ऑक्सीजन की कमी

शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने पर भी उबासी आती है ताकि फेफड़ों में ज्यादा हवा भरी जा सके और ब्रेन तक ज्यादा ऑक्सीजन पहुंच सके।

संक्रामक उबासी

किसी दूसरे व्यक्ति को उबासी लेते हुए देखने या सुनने पर हमें भी उबासी आ सकती है। यह सामाजिक व्यवहार का एक हिस्सा माना जाता है।

कुछ दवाओं के कारण

कुछ खास दवाएं जैसे कि डिप्रेशन या दर्द की दवाएं भी उबासी का कारण बन सकती हैं।

सवाल- बहुत ज्यादा जम्हाई किन स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है?

जवाब- भले ही जम्हाई आने के सबसे आम कारण थकान, सुस्ती या बोरियत हों। लेकिन यह कुछ अंदरूनी समस्याओं से भी जुड़ी हो सकती है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

आइए, अब बताते हैं कि इन हेल्थ इशू के पीछे जम्हाई का क्या संबंध है।

ऑक्सीजन की कमी

फेफड़ों से जुड़ी बीमारी या स्लीप एप्निया जैसी स्थितियां शरीर में ऑक्सीजन के लेवल को कम कर सकती हैं, जिससे ज्यादा ऑक्सीजन लेने के लिए बार-बार जम्हाई आती है।

आयरन की कमी

शरीर में आयरन की कमी होने पर खून में ऑक्सीजन का संचार ठीक से नहीं हो पाता है। इस कमी को पूरा करने के लिए शरीर ज्यादा जम्हाई लेता है।

मेटाबॉलिक या लिवर प्रॉब्लम्स

लिवर फेलियर या मेटाबॉलिज्म में गड़बड़ी भी ज्यादा थकान और जम्हाई का कारण बन सकती है।

हार्ट संबंधी समस्याएं

कुछ मामलों में बहुत ज्यादा जम्हाई का संबंध हार्ट डिजीज से हो सकता है। यह वेगस नर्व (vagus nerve) के उत्तेजित होने के कारण हो सकता है।

न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर

मिर्गी, मल्टीपल स्क्लेरोसिस (MS) या ब्रेन ट्यूमर जैसे न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर भी ब्रेन के संकेतों को प्रभावित कर सकती हैं। इससे जम्हाई की प्रक्रिया असामान्य हो जाती है।

स्लीप डिसऑर्डर

स्लीप एन्निया के कारण भी बार-बार जम्हाई आ सकती है क्योंकि शरीर को अनिद्रा या दिन के दौरान अचानक आने वाली नींद से जूझना पड़ता है।

मेंटल हेल्थ इशू

एंग्जाइटी या स्ट्रेस भी बार-बार जम्हाई का कारण बन सकते हैं क्योंकि शरीर भावनात्मक तनाव पर प्रतिक्रिया करता है।

सवाल- किस स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है?

जवाब- अगर जम्हाई के साथ कुछ अन्य लक्षण भी हों तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। जैसेकि-

  • सीने में दर्द, चक्कर आना या सांस लेने में दिक्कत होना।
  • कमजोरी, सुन्नता या अचानक संतुलन खोना।
  • धुंधला दिखना, कन्फ्यूजन या बोलने में लड़खड़ाहट होना।
  • गंभीर सिरदर्द या बेहोश होना।

सवाल- कौन सी चीजें जम्हाई को ट्रिगर कर सकती हैं?

जवाब- थकान, भूख, तनाव और किसी को जम्हाई लेते देखना, ये सभी जम्हाई को ट्रिगर करते हैं।

सवाल- जम्हाई लेते वक्त कभी-कभी आंखों से पानी क्यों निकलता है?

जवाब– जम्हाई के दौरान चेहरे की मांसपेशियां जोर से खिंचती हैं। जब ये मांसपेशियां खिंचती हैं तो आंखों के पास मौजूद आंसू की ग्रंथियों (lacrimal glands) पर दबाव पड़ता है। इस दबाव के कारण ग्रंथियों से आंसू निकलने लगते हैं।

सवाल- अगर जम्हाई ज्यादा आती है तो इससे राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए?

जवाब- अगर बिना किसी खास कारण के बहुत ज्यादा जम्हाई आती है तो कुछ आसान उपायों से इसे कम कर सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- एक दिन में कितनी बार जम्हाई लेना सामान्य है?

जवाब- आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति दिन में 5 से 10 बार जम्हाई लेता है, जिसे सामान्य माना जाता है। हालांकि यह संख्या हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकती है।

यह समय, थकान, नींद की पर निर्भर है। अगर दिन में 15 मिनट के अंदर 3 से ज्यादा बार जम्हाई आती है या यह इतनी ज्यादा है कि रोजमर्रा के काम में रुकावट आने लगे तो इसे असामान्य माना जा सकता है।

सवाल- बहुत ज्यादा उबासी का इलाज कैसे किया जाता है?

जवाब- डॉक्टर इसके पीछे के असल कारण का पता लगाकर सही इलाज की सलाह देते हैं। अगर जम्हाई किसी अंदरूनी बीमारी के कारण आ रही है तो डॉक्टर उस बीमारी का इलाज करेंगे।

अगर जम्हाई किसी दवा के साइड इफेक्ट के कारण है तो डॉक्टर उस दवा की खुराक कम कर सकते हैं या कोई दूसरी दवा लिख सकते हैं।

………………….

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर-पैंट की पिछली जेब में न रखें वॉलेट: कमर व पीठ दर्द के साथ साइटिका का रिस्क, सुनें डॉक्टर की 6 जरूरी सलाह

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, जो लोग पिछली जेब में वॉलेट रखकर बैठते हैं, उनके शरीर का संतुलन धीरे-धीरे बिगड़ने लगता है। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *