Last Updated:
रात में लाइट बंद करके सोने से शरीर में मेलाटोनिन हार्मोन सही मात्रा में बनता है, जो गहरी नींद लाने के साथ-साथ स्किन की रिपेयर प्रक्रिया को तेज करता है. यही हार्मोन स्किन को फ्री रेडिकल्स से बचाकर नैचुरल ग्लो बनाए रखने में मदद करता है. वहीं लाइट ऑन रखकर सोने से मेलाटोनिन का स्तर घट सकता है, जिससे स्किन डल दिखने लगती है, डार्क सर्कल्स बढ़ते हैं और समय से पहले एजिंग के संकेत नजर आने लगते हैं.
रात को सोते समय लाइट ऑन रखनी चाहिए या बंद, यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है. कई लोग अंधेरे में सोना पसंद करते हैं, जबकि कुछ को हल्की रोशनी के बिना नींद नहीं आती. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रात में लाइट जलाकर सोने का असर सिर्फ नींद पर ही नहीं, बल्कि स्किन की सेहत पर भी पड़ सकता है. वैज्ञानिक और स्किन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सोते समय रोशनी का हमारे शरीर और त्वचा पर गहरा प्रभाव पड़ता है, जिसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.
रात में अंधेरे में सोने से शरीर में मेलाटोनिन नाम का हार्मोन सही मात्रा में बनता है. यह हार्मोन नींद के साथ-साथ स्किन रिपेयर में भी अहम भूमिका निभाता है. मेलाटोनिन को नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट भी कहा जाता है, जो स्किन सेल्स को डैमेज से बचाता है और एजिंग की प्रक्रिया को धीमा करता है. जब हम लाइट ऑन रखकर सोते हैं, तो मेलाटोनिन का स्राव कम हो जाता है, जिससे नींद पूरी नहीं होती और स्किन को खुद को रिपेयर करने का समय नहीं मिल पाता.
लाइट ऑन रखकर सोने का असर स्किन पर भी दिखाई देने लगता है. नींद पूरी न होने से चेहरे पर डलनेस, डार्क सर्कल्स और फाइन लाइन्स बढ़ सकती हैं. इसके अलावा स्किन की नेचुरल ग्लो कम होने लगती है. खासकर मोबाइल, टीवी या एलईडी लाइट से निकलने वाली ब्लू लाइट स्किन के लिए ज्यादा नुकसानदायक मानी जाती है. यह स्किन की डीप लेयर तक पहुंचकर कोलेजन को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे समय से पहले झुर्रियां आने लगती हैं.
सिर्फ स्किन ही नहीं, लाइट ऑन रखकर सोने से शरीर के अंदरूनी क्लॉक यानी सर्कैडियन रिद्म पर भी असर पड़ता है. इससे हार्मोनल असंतुलन, स्ट्रेस और थकान की समस्या बढ़ सकती है. लगातार ऐसा करने से इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है, जिसका असर स्किन और बालों पर भी दिखाई देता है. यही कारण है कि डॉक्टर और नींद विशेषज्ञ पूरी तरह अंधेरे या बहुत हल्की रोशनी में सोने की सलाह देते हैं.
हालांकि, जिन लोगों को पूरी तरह अंधेरे में डर लगता है या नींद नहीं आती, उनके लिए बहुत हल्की नाइट लाइट एक विकल्प हो सकती है. ध्यान रखें कि नाइट लाइट पीली या वार्म टोन की हो और सीधी आंखों या चेहरे पर न पड़े. सोने से पहले मोबाइल और टीवी का इस्तेमाल कम करें, ताकि ब्लू लाइट का असर कम हो सके. इसके साथ ही एक अच्छा नाइट स्किन केयर रूटीन अपनाना भी जरूरी है, ताकि स्किन को रात में सही पोषण मिल सके यानी रात को सोते समय लाइट बंद रखना सेहत और स्किन दोनों के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है. अंधेरे में अच्छी नींद लेने से न सिर्फ शरीर को आराम मिलता है, बल्कि स्किन भी खुद को रिपेयर कर पाती है. अगर आपको ग्लोइंग और हेल्दी स्किन चाहिए, तो सोते समय कमरे की लाइट बंद रखने की आदत जरूर डालें.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें