Last Updated:
क्या आपको भी पूरी नींद के बाद दिनभर सुस्ती और नींद आती है? इसे सामान्य आलस समझने की गलती न करें. यह शरीर में विटामिन B12, विटामिन D और आयरन की गंभीर कमी का संकेत हो सकता है. इन पोषक तत्वों की कमी न केवल आपकी याददाश्त कमजोर करती है, बल्कि शरीर को भी थका देती है. जानिए इन कमियों के लक्षण और इनसे बचने के आसान घरेलू उपाय. सही समय पर जांच और संतुलित खान-पान से आप खुद को फिर से एनर्जेटिक बना सकते हैं.
अगर आपको पूरी नींद लेने के बावजूद दिनभर नींद आती रहती है, तो इसे केवल आलस समझने की गलती न करें. डॉक्टरों के अनुसार, विटामिन B12 की कमी इसका एक बड़ा कारण हो सकती है. यह विटामिन नसों और दिमाग को सक्रिय रखने में अहम भूमिका निभाता है. इसकी कमी से कमजोरी, चक्कर आना, याददाश्त कमजोर होना और लगातार नींद आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. शाकाहारी लोगों में यह समस्या अधिक देखी जाती है, क्योंकि विटामिन B12 मुख्य रूप से दूध, दही, अंडा और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों में पाया जाता है. समय रहते जांच और सही आहार से इस समस्या से बचा जा सकता है.

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग धूप से दूर होते जा रहे हैं, जिससे विटामिन D की कमी आम होती जा रही है. यह विटामिन शरीर को ऊर्जा देने और मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में जरूरी है. इसकी कमी से शरीर भारी महसूस होता है, जल्दी थकान होती है और नींद ज्यादा आने लगती है. ऑफिस या घर के अंदर अधिक समय बिताने वाले लोग इस कमी के सबसे बड़े शिकार हैं. रोजाना 15-20 मिनट धूप में बैठना और दूध-दही जैसी चीजों को डाइट में शामिल करना शरीर को फिर से सक्रिय बना सकता है.

अगर थोड़ा सा काम करने पर ही थकान महसूस होती है और बार-बार नींद आती है, तो इसके पीछे आयरन की कमी भी जिम्मेदार हो सकती है. आयरन शरीर में खून बनाने का काम करता है. इसकी कमी से एनीमिया हो जाता है, जिससे शरीर और दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती. नतीजतन सुस्ती, चक्कर और नींद की समस्या बढ़ जाती है. महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखी जाती है. पालक, चुकंदर, अनार और गुड़ जैसी चीजें आयरन बढ़ाने में मददगार हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गलत लाइफस्टाइल भी शरीर में विटामिन और मिनरल्स की कमी को बढ़ावा देती है. देर रात तक मोबाइल चलाना, फास्ट फूड का सेवन और शारीरिक गतिविधि की कमी शरीर के जरूरी पोषक तत्वों को खत्म कर देती है. इसका सीधा असर नींद और ऊर्जा स्तर पर पड़ता है. जब शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिलता, तो वह खुद को ‘स्लो मोड’ पर डाल देता है, जिसका संकेत लगातार नींद आना होता है. हेल्दी डाइट, समय पर सोना और रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज शरीर के संतुलन को फिर से ठीक कर सकती है.

अक्सर लोग नींद और थकान को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यह शरीर का अलार्म हो सकता है. बिना जांच के सप्लीमेंट लेना नुकसानदेह साबित हो सकता है. डॉक्टरों की सलाह है कि अगर लंबे समय से सुस्ती बनी हुई है, तो ब्लड टेस्ट जरूर कराना चाहिए. सही रिपोर्ट के बाद ही विटामिन या आयरन का सेवन करना सुरक्षित होता है.

संतुलित आहार से विटामिन की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है. हरी सब्जियां, ताजे फल, दूध, दही, अंडा और पर्याप्त पानी शरीर को दोबारा ऊर्जा देने का काम करते हैं. इसके साथ ही रोजाना थोड़ी धूप और हल्की एक्सरसाइज नींद की समस्या को कम कर सकती है. सही खान-पान और पर्याप्त आराम से शरीर खुद को फिर से सक्रिय महसूस करने लगता है.