Last Updated:
Winter Yoga Benefits: सर्दियों में ठंड और सुस्ती सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करती है. योग और प्राणायाम न सिर्फ शरीर को गर्म रखते हैं, बल्कि पाचन, इम्युनिटी और मानसिक संतुलन को भी बेहतर बनाते हैं. इस सर्दी अपने दिनचर्या में योग को शामिल करना आपके लिए एक सेहतमंद और ऊर्जावान जीवन की चाबी साबित हो सकता है.
ऋषिकेश: सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंड, सुस्ती और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं लेकर आता है. इस मौसम में शरीर की सक्रियता कम हो जाती है, पाचन धीमा पड़ता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होने लगती है. ठंडी हवाओं के कारण जोड़ों में जकड़न, मांसपेशियों में अकड़न और सर्दी खांसी जैसी परेशानियां आम हो जाती हैं. ऐसे समय में योग शरीर और मन दोनों के लिए संजीवनी की तरह काम करता है. योग न सिर्फ शरीर को गर्म रखने में मदद करता है, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है. यही वजह है कि सर्दियों में योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी माना जाता है.
सर्दियों में योग करने के फायदा
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान डॉ राजकुमार (आयुष) ने कहा कि सर्दियों में योग करने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह शरीर के तापमान को संतुलित बनाए रखता है. सूर्य नमस्कार, कपालभाति और भस्त्रिका जैसे योगासन और प्राणायाम शरीर में ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे अंदरूनी गर्माहट बनी रहती है. इससे ठंड के कारण होने वाली सुस्ती और आलस दूर होता है और शरीर दिनभर एक्टिव महसूस करता है. नियमित योग अभ्यास से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे हाथ पैरों में ठंड लगने की समस्या कम हो जाती है.
मेटाबॉलिज्म में भी होगा सुधार
इस मौसम में पाचन से जुड़ी समस्याएं भी आम होती हैं. ठंड के कारण मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है, जिससे गैस, कब्ज और अपच जैसी दिक्कतें होने लगती हैं. योगासन जैसे पवनमुक्तासन, वज्रासन और त्रिकोणासन पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं. ये आसन आंतों की कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं और भोजन को सही तरीके से पचाने में मदद करते हैं. इससे शरीर में पोषक तत्वों का बेहतर अवशोषण होता है.सर्दियों में इम्युनिटी कमजोर होने का खतरा भी बढ़ जाता है. बार बार सर्दी जुकाम और वायरल संक्रमण होना आम बात है. योग और प्राणायाम शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक होते हैं. अनुलोम विलोम और भ्रामरी जैसे प्राणायाम फेफड़ों को मजबूत बनाते हैं और श्वसन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं. इससे शरीर बीमारियों से लड़ने में ज्यादा सक्षम बनता है.
मेंटल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है योगा
मानसिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी सर्दियों में योग बेहद फायदेमंद है. इस मौसम में धूप कम मिलने के कारण कई लोगों को उदासी और तनाव महसूस होने लगता है. ध्यान और योग निद्रा जैसे अभ्यास मानसिक शांति प्रदान करते हैं और तनाव को कम करते हैं. योग करने से एंडोर्फिन हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जिसे खुशी का हार्मोन कहा जाता है. इससे मूड बेहतर रहता है और नकारात्मक विचारों से दूरी बनी रहती है.इसके अलावा सर्दियों में जोड़ों और मांसपेशियों में अकड़न की समस्या बढ़ जाती है, खासकर बुजुर्गों में. योगासन शरीर को लचीला बनाते हैं और जोड़ों की गतिशीलता को बनाए रखते हैं. नियमित स्ट्रेचिंग से दर्द और जकड़न में राहत मिलती है. साथ ही यह शरीर की ताकत और संतुलन को भी बेहतर बनाता है, जिससे गिरने या चोट लगने का खतरा कम होता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें