5 Tips to reduce stress to boost sexual health: आजकल की भागदौड़ भरी जीवन में जिसे देखो वह स्ट्रेस, एंजायटी जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है. लोगों की लाइफस्टाइल, रहन-सहन, खानपान हर कुछ बिगड़ चुका है. दिन की शुरुआत लोगों की मोबाइल, लैपटॉप में मेल्स देखने, फोन कॉल्स अटेंड करने, सोशल मीडिया पर रील्स, वीडियो देखने से होती है. ऐसे में न सही तरीके से खाने का समय मिलता है और ना ही एक्सरसाइज करने का. इससे न सिर्फ आपका स्ट्रेस लेवल बढ़ता है, बल्कि जीवनशैली बुरी तरह से प्रभावित होती है. ये तमाम चीजें पर्सनल, बल्कि प्रोफेशनल लाइफ को भी प्रभावित करती हैं. इससे यौन जीवन पर भी नेगेटिव असर पड़ता है. यदि आप चाहते हैं कि आप लंबी उम्र तक मेंटली और फिजिकली स्वस्थ रहें तो यौन स्वास्थ्य के महत्व को भी जानना जरूरी है. ऐसे में यहां कुछ उपयोगी टिप्स बता रहे हैं, जिससे स्ट्रेस लेवल कम होगा और सेक्सुअल हेल्थ भी बूस्ट होगी.
हेल्दी डाइट लें
आप डेली रूटीन डाइट में विटामिन, प्रोटीन और मिनरल से भरपूर चीजों का सेवन करें. इससे स्ट्रेस और एंजायटी लेवल काफी हद तक कंट्रोल में रहेंगे. मूड अच्छा बना रहेगा. एनर्जी लेवल बढ़ेगी. विटामिन C, E, D और पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स का सेवन करें. साथ ही सैचुरेटेड फैट्स, अतिरिक्त चीनी और सोडियम को अपनी डाइट से कम करना भी जरूरी है. हेल्दी डाइट से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता तो बूस्ट होगी ही, यौन क्षमता भी बेहतर होगी.
रेगुलर करें योग
आपका स्ट्रेस लेवल हाई रहता है तो इसे कम करने के लिए बेहद जरूरी है कि आप रेगुलर योग का अभ्यास करें. इससे तनाव कम होगा. तन-मन को शांति मिलती है. योग आपके तनाव और चिंता के स्तर को घटाता है, जिससे आपकी यौन इच्छा में भी वृद्धि होती है.
नींद को प्राथमिकता दें
अव्यवस्थित नींद का चक्र भी तनाव और चिंता का कारण बनता है. डॉक्टरों के अनुसार, व्यक्ति को औसतन आठ घंटे की नींद लेनी चाहिए. अपनी नींद की दिनचर्या को प्राथमिकता देने से आप तनाव स्तर को नियंत्रित रख सकते हैं. पूरे दिन सक्रिय बने रहते हैं. लेकिन इसके विपरीत, यदि आप पर्याप्त नींद नहीं लेते और आराम से बचते हैं, तो यह आपके स्वास्थ्य और यौन जीवन दोनों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है.
अपने दोस्तों, परिवार के साथ समय बिताएं
यदि स्ट्रेस और एंजायटी लेवल बढ़ रहा है तो आप अकेले कमरे में ना बैठे रहें. अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताएं, उनके साथ घूमने जाएं. इससे मूड फ्रेश होगा. बेहतर यौन स्वास्थ्य के लिए सोशल सपोर्ट सिस्टम का होना बेहद जरूरी है. यदि आप अकेलापन और अलगाव महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत अपने दोस्तों और परिवार से बात करें. अपने प्रियजनों पर भरोसा करने से न केवल आपका तनाव कम होगा, बल्कि यह आपको अपने साथी के साथ अपनी यौन आवश्यकताओं पर खुलकर बातचीत करने का साहस भी देगा.
हर दिन करें मेडिटेशन
मेडिटेशन भी स्ट्रेस और एंजायटी आदि मेंटल समस्याओं को दूर करने के लिए टॉनिक की तरह काम करता है. जब आप गहरी सांस लेने वाली ब्रीदिंग एक्सरसाइज और मेडिटेशन करते हैं तो इससे संपूर्ण स्वास्थ्य और यौन जीवन दोनों को कई तरह से लाभ होता है. गहरी सांस लेना और मेडिटेशन को डेली रूटीन के कामों में शामिल करने से पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम एक्टिव होता है. यह शरीर की आराम प्रतिक्रिया (relaxation response) को नियंत्रित करता है. इसके अलावा, गहरी सांस लेने से तनाव को कम करने में मदद मिलती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)