सोलर पैनल की देखभाल में न करें ये भूल, घट जाएगा बिजली उत्पादन, जानें सही तरीका

होमताजा खबरlifestyle

सोलर पैनल की देखभाल में न करें ये भूल, घट जाएगा बिजली उत्पादन, जानें सही तरीका

Last Updated:

Sidhi News: खेतों में लगे पैनल ऊंचाई पर स्थापित होते हैं. पैनल पर चढ़कर सफाई करना जोखिम भरा हो सकता है. इससे पैनल टूट सकता है या फिर इसका ढांचा कमजोर हो सकता है. सुरक्षित तरीके से नीचे से या फिर सीढ़ी की मदद लेकर सफाई करनी चाहिए.

सीधी. मध्य प्रदेश में सब्सिडी के बाद खेतों में सोलर पैनल तेजी से लग रहे हैं. किसानों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं क्योंकि इससे सिंचाई और पंप संचालन में बड़ी राहत मिलती है. हालांकि रखरखाव में जरा सी लापरवाही इस सुविधा को परेशानी में बदल सकती है. नियमित देखभाल और सही उपयोग से ही किसान सोलर ऊर्जा का पूरा लाभ उठा सकते हैं. सीधी के वरिष्ठ कृषि अधिकारी संजय सिंह ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि धूल, मिट्टी, परागकण और पक्षियों की बीट सोलर पैनल की सतह पर जम जाती है. इससे पैनल की सूर्य किरणों को सोखने की क्षमता प्रभावित होती है और बिजली उत्पादन 20 से 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है. ऐसे में समय-समय पर पैनल की सफाई करना जरूरी है लेकिन गलत तरीके अपनाने से पैनल की कार्यक्षमता स्थायी रूप से घट सकती है.

सोलर पंप इंस्टॉलेशन के इंचार्ज हरिवंश पांडेय के अनुसार, सोलर पैनल की सफाई के लिए झाड़ू, सख्त ब्रश या बोरे के कपड़े का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए. पैनल की ऊपरी सतह कांच की होती है, जिस पर विशेष कोटिंग की गई होती है. खुरदरी चीजों से रगड़ने पर इस कोटिंग पर खरोंच पड़ सकती है, जिससे पैनल की दक्षता कम हो जाती है. सफाई के लिए मुलायम कपड़ा, स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़े का उपयोग करना सबसे सुरक्षित तरीका है.

थर्मल शॉक का खतरा
हरिवंश पांडेय ने कहा कि पैनल को चमकाने के लिए डिटर्जेंट, फिनाइल, एसिड या अन्य रासायनिक पदार्थों का प्रयोग नहीं करना चाहिए. केमिकल्स से पैनल की कोटिंग खराब हो सकती है और उसकी धूप सोखने की क्षमता पर असर पड़ सकता है. सफाई के लिए साफ पानी या बहुत हल्के साबुन का घोल पर्याप्त होता है. तेज धूप में पैनल अत्यधिक गर्म हो जाते हैं. ऐसे में उन पर अचानक पानी डालने से थर्मल शॉक लग सकता है, जिससे कांच चटकने का खतरा रहता है. इसके अलावा गर्म सतह पर पानी डालने से दाग भी पड़ सकते हैं, इसलिए सुबह या शाम के समय सफाई करना बेहतर माना जाता है. सफाई से पहले सोलर सिस्टम को पूरी तरह बंद करना जरूरी है. गीले हाथों या पानी के संपर्क में बिजली प्रवाहित होने से करंट लगने का खतरा रहता है. इन्वर्टर का स्विच ऑफ कर सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.

सावधानी से करें सफाई
उन्होंने आगे कहा कि खेतों में लगे पैनल अक्सर ऊंचाई पर स्थापित होते हैं. सीधे पैनल पर चढ़कर सफाई करना जोखिम भरा हो सकता है. इससे पैनल टूट सकता है या ढांचा कमजोर हो सकता है. सुरक्षित तरीके से नीचे से या सीढ़ी की मदद लेकर सफाई करनी चाहिए. साथ ही मोटर या पाइप से तेज प्रेशर वाला पानी इस्तेमाल करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे पैनल की सीलिंग खराब होकर पानी अंदर जा सकता है. सावधानी से की गई सफाई ही लंबे समय तक बेहतर उत्पादन की गारंटी देती है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *