Last Updated:
Health Tips: भोजन हमारी सेहत और ऊर्जा का मुख्य स्रोत है, लेकिन कई बार हम इसे पकाते समय कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे इसके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं. सब्जियों, दालों, अनाज या मांसाहारी व्यंजन को सही तरीके से न पकाने पर विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट जैसी महत्वपूर्ण चीजें नष्ट हो सकती है. इसलिए खाना बनाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि भोजन न केवल स्वादिष्ट बने बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी रहे.
हमारे शरीर के विकास एवं हमारा स्वास्थ्य बेहतर बना रहे. इसके लिए हमें ऊर्जा की जरूरत होती है, जो हमें भोजन से मिलती है. लोग शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए अपनी डाइट में तरह-तरह के खाद्य पदार्थ शामिल करते हैं. परंतु कई बार जानकारी के अभाव में भोजन को पकाने का सही तारीका ना मालूम होने की वजह से भोजन में मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं, जिससे हमारे शरीर को मिलने वाले पोषक तत्व पहले ही नष्ट हो जाते हैं. इसीलिए हमें भोजन पकाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

खाने में लोग दाल का प्रयोग जरूर करते हैं. क्योंकि दालों में भरपूर मात्रा में प्रोटीन और विटामिन पाया जाता है, जो हमारे शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में कारगर होता है. यदि हम छिलके वाली दाल का प्रयोग करते हैं तो हमें ध्यान रखना चाहिए की दाल से छिलके को अलग ना करें. क्योंकि छिलकों में पाया जाने वाला पोषक तत्व प्रोटीन और विटामिन हमारे शरीर को कई रोगों से बचाता है. साथ ही दाल पकाते समय ध्यान रखें कि दाल को गर्म पानी में ही डालें. साथ ही ठंडे पानी में पकाने पर इसमें मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं. क्योंकि ठंडे पानी में दाल को पकाने में समय अधिक लगता है.

रोटी बनाने में हम जिस आटे का प्रयोग करते हैं. उसको मशीन में पिसाई करते समय ध्यान देना चाहिए कि आटा अधिक महीन ना पीसा जाए. क्योंकि अधिक महीन आटा पीसा जाने पर उसमें मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं. साथ ही ध्यान देना चाहिए कि आटे को ज्यादा चालना नहीं चाहिए. क्योंकि चोकर भी हमारे शरीर के लिए फायदेमंद होता है. यदि चोकर को अलग करना पड़े तो उसके लिए ध्यान दें कि इस चोकर को साफ पानी में 8 से 10 घंटे तक भिगोकर उसी से ही आटे को गूथने में इस्तेमाल करें, जिससे चोकर में मौजूद पोषक तत्व हमें मिल जाएं.

चावल खाना सभी खूब पसंद करते है. परंतु चावल पकाते समय ध्यान दें कि चावल को एक बार ही धुलें. क्योंकि ज्यादा बार धुलने से इसमें मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं. यदि चावल को भिगोना पड़े, तो सबसे पहले चावल को धुल लें. तभी भिगोएं, उसके बाद उसी पानी में चावल को पका लें. यह भी ध्यान रखें कि चावल को ठंडा पानी में बिल्कुल भी ना पकाएं गर्म पानी में ही चावल को पकाएं और उससे निकलने वाले माड़ को कतई न निकालें क्योंकि माड़ में ही सबसे ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं.

पत्तेदार सब्जियां हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं. परंतु इन्हें पकाते समय ध्यान रखें कि इनको काटने से पहले ही साफ पानी से धूल लें और पकाते समय इनमें पानी ना डालें. बल्कि पानी के छीटें डालकर धीरे-धीरे पकाएं. साथ ही पत्तेदार सब्जियां जिस बर्तन में पका रहे हों. उसे ढक कर रखें. क्योंकि भाप में पकने पर इसमें मौजूद पोषक तत्व बने रहते हैं.

लोग पत्तेदार सब्जियों के साथ ही कई अन्य सब्जियां आलू, बैंगन, टमाटर, लौकी, मूली चुकंदर का भी सेवन करते हैं, तो ऐसे में इन सब्जियों के लिए यह ध्यान रखना जरूरी है कि इन्हें काटने या छीलने से पहले ही धुल लें. क्योंकि बाद में इसमें मौजूद पोषक तत्व पानी के साथ बह जाते हैं.

गृह विज्ञान के प्रवक्ता अरुण कुमार सिंह बताते हैं कि हमें दाल, चावल, सब्जी को पकाते कुछ जरूरी बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. इन सभी भोजन को पकाने के लिए अलग-अलग तरीके हैं. यदि आप गलत तरह से भोजन पकाते हैं तो उसमें मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाएंगे. फिर यह भोजन आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है.