Last Updated:
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं और फिर भी नतीजे नहीं दिख रहे हैं, तो इसकी सबसे बड़ी वजह आपकी रोजमर्रा की डाइट हो सकती है. कई बार हम अनजाने में ऐसी चीजें खा-पी लेते हैं, जो वजन बढ़ाने का काम करती हैं. इंस्टाग्राम पर वेट लॉस कोच अमाका के मुताबिक, कुछ फूड्स को डाइट से हटाकर और उनके हेल्दी विकल्प अपनाकर एक्स्ट्रा किलो आसानी से कम किए जा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 8 फूड्स के बारे में, जिन्हें वजन घटाने के दौरान अवॉइड करना जरूरी है.
सोडा, मीठे जूस, पैकेज्ड एनर्जी ड्रिंक्स वजन बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं. इनमें कैलोरी बहुत ज्यादा होती है, लेकिन पोषण लगभग न के बराबर होता है. ये शरीर में फैट बढ़ाते हैं और इंसुलिन लेवल को भी बिगाड़ सकते हैं. वजन घटाने के लिए इनकी जगह सादा पानी, नींबू पानी, गुनगुने पानी में भीगे चिया सीड्स, सेब का सिरका मिला पानी, डिटॉक्स वॉटर, ग्रीन टी या ब्लैक कॉफी को शामिल करें. ये न सिर्फ कैलोरी कम रखते हैं बल्कि मेटाबॉलिज्म भी बेहतर बनाते हैं.

फ्रेंच फ्राइज, फ्राइड चिकन, पकौड़े, डोनट्स जैसी चीजें स्वाद में भले ही अच्छी लगें, लेकिन वजन बढ़ाने का काम करती हैं. इनमें तेल और ट्रांस फैट की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो इन्हें ग्रिल्ड, एयर फ्राइड, उबली हुई या बेक की हुई चीजों से बदलें. इससे कैलोरी की बचत होती है और कमर की चर्बी घटाने में मदद मिलती है.

सफेद ब्रेड, मैदा से बनी चीजें, नूडल्स और पेस्ट्री जैसे रिफाइंड कार्ब्स ब्लड शुगर तेजी से बढ़ाते हैं और जल्दी भूख लगने लगती है. इससे ओवरईटिंग होती है. इनके बजाय होल ग्रेन ब्रेड, ब्राउन राइस, बासमती चावल, ओट्स और शकरकंद जैसे कॉम्प्लेक्स कार्ब्स लें. ये लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं और एनर्जी भी देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

चिप्स, बिस्किट, कुकीज और पैकेज्ड स्नैक्स वजन घटाने में सबसे बड़ी रुकावट हैं. इनमें नमक, शुगर और अनहेल्दी फैट बहुत ज्यादा होता है. स्नैकिंग के लिए घर का बना एयर-पॉप्ड पॉपकॉर्न, गाजर या खीरे के टुकड़े पीनट बटर के साथ, या ग्रीक योगर्ट के साथ फल खाना ज्यादा बेहतर विकल्प है.

आइसक्रीम, केक और ज्यादा मीठे डेजर्ट खाली कैलोरी से भरे होते हैं. ये शरीर को पोषण नहीं देते, सिर्फ वजन बढ़ाते हैं. अगर मीठा खाने का मन हो तो ग्रीक योगर्ट में बेरी और केला मिलाकर फ्रीज कर लें या थोड़ी सी डार्क चॉकलेट खाएं. इससे स्वाद भी मिलेगा और नुकसान भी कम होगा.

मेयोनीज, हैवी क्रीम और रेडीमेड ड्रेसिंग्स में कैलोरी बहुत ज्यादा होती है. ये वजन घटाने की प्रक्रिया को धीमा कर देती हैं. इनके बजाय ग्रीक योगर्ट में थोड़ा सा एवोकाडो मैश करके, सेब का सिरका, ऑलिव ऑयल और नींबू मिलाकर हेल्दी ड्रेसिंग बनाएं. यह स्वादिष्ट भी होती है और हल्की भी.

सॉसेज, बेकन और हॉट डॉग जैसे प्रोसेस्ड मीट में नमक और प्रिजर्वेटिव्स ज्यादा होते हैं. ये हेल्दी प्रोटीन का अच्छा स्रोत नहीं माने जाते. वजन कम करने के लिए ग्रिल्ड चिकन, टर्की, मछली, अंडे और गिजार्ड जैसे नेचुरल प्रोटीन सोर्स को डाइट में शामिल करें.

बीयर, कॉकटेल और ज्यादा मात्रा में शराब पीना सेहत और वजन दोनों के लिए नुकसानदायक है. शराब में कैलोरी ज्यादा होती है और यह फैट बर्निंग को रोकती है. अगर पीना ही है तो सीमित मात्रा में रेड वाइन लें. इसके अलावा नींबू-पुदीना पानी, सोडा वॉटर या ताजे फलों का जूस बेहतर विकल्प हो सकते हैं.