सर्दियों का मौसम धीरे-धीरे दस्तक दे चुका है और तापमान में गिरावट के साथ लोगों में मौसमी बीमारियों की संभावना भी बढ़ गई है. ऐसे समय में खान-पान की छोटी-छोटी गलतियां भी सेहत पर बड़ा असर डाल सकती हैं. मुरादाबाद के जिला अस्पताल में डाइटिशियन के पद पर तैनात डॉ. सपना सिंह ने सर्दी के मौसम में खान-पान को लेकर विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
डॉ. सपना सिंह के अनुसार, ठंड बढ़ने के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले की तुलना में कमजोर हो जाती है. ऐसे में गलत आहार लेने से सर्दी-जुकाम, गले में खराश, अपच, पेट दर्द, गैस जैसी समस्याओं की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए इस मौसम में लोगों को अपनी थाली में ऐसा भोजन शामिल करना चाहिए, जो शरीर को गर्माहट दे और इम्युनिटी बढ़ाए.
ठंडी चीजों से करें परहेज
उन्होंने बताया कि ठंडी चीजों का सेवन इस मौसम में बिल्कुल कम कर देना चाहिए. ठंडे डेयरी उत्पाद, फ्रिज का पानी, आइसक्रीम, ठंडे पेय, दही और छाछ जैसी चीजें सर्दियों में शरीर के तापमान को प्रभावित करती हैं और गले में संक्रमण का कारण बन सकती हैं. इसके अलावा बासी और खुले में रखा खाना बिल्कुल न खाएं, क्योंकि सर्द मौसम में भी बैक्टीरिया सक्रिय रहते हैं और पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
फास्ट फूड और तैलीय भोजन भी सेहत पर भारी पड़ सकता है. डॉ. सपना का कहना है कि अधिक तला-भुना खाना पेट की समस्याओं का कारण बन सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनका पाचन कमजोर है.
इन चीज़ों का सेवन करें
सर्दी में अदरक, लहसुन, हल्दी, गुड़, दालचीनी और काली मिर्च जैसी चीजें शरीर को अंदर से गर्माहट देती हैं और इम्युनिटी को बढ़ाती हैं. इसके साथ ही रोजमर्रा के भोजन में दाल, सूखे मेवे, सूप, दलिया, मिलेट्स, हरी पत्तेदार सब्जियाँ और मौसमी सब्जियाँ शामिल करने की सलाह दी जाती है.
डॉ. सपना ने बताया कि खट्टे और अत्यधिक ठंडे फलों का सेवन कम करें, जबकि गर्म सूप, हर्बल टी, शहद के साथ गुनगुना पानी और ताजे घरेलू भोजन का सेवन बढ़ाएं. इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और बीमारियों से बचाव होता है.
उन्होंने कहा कि यदि लोग सर्दियों में इन बातों का ध्यान रखें तो मौसमी बीमारियों से बड़ी हद तक बचा जा सकता है और पूरा मौसम स्वस्थ व सुरक्षित तरीके से बिताया जा सकता है.