Diwali Pooja Place Cleaning: दिवाली की सफाई इन दिनों घर-घर में शुरू हो चुकी है. लेकिन आपको बता दें कि अगर आप दिवाली की सफाई की शुरुआत अपने मंदिर या देवस्थान से करें तो इसे शुभ माना जाता है. अक्सर लोग पहले अपने कमरे और घर की सफाई करते हैं, और मंदिर की सफाई सबसे अंत में करते हैं. लेकिन बेहतर होगा कि दिवाली की सफाई की शुरुआत भी मंदिर से ही करें. अब सवाल यह उठता है कि पूजा घर को किस तरह चमकाया जाए ताकि यह स्थान पवित्र और शुभ दिखे, और दिवाली पर रौनक से भरा भी लगे.
दिवाली के लिए इस तरह करें मंदिर की सफाई–
तैयारी कर लें-
सबसे पहले सफाई का सामान इकट्ठा कर लें. मुलायम कपड़ा, ब्रश, नींबू, नमक, बेकिंग सोडा, हल्का साबुन, बाल्टी, गर्म पानी और कुछ पुराने कपड़े. मोबाइल को साइलेंट कर दें ताकि ध्यान साफ-सफाई में ही रहे.
मंदिर से सामान निकालें-
अब मंदिर में रखी सभी मूर्तियां, बर्तन, दीपक, फूल और थाली निकाल लें. सूखे फूल, पुराना प्रसाद या टूटी चीजें अलग रख दें. इन्हें बाद में सम्मान से निपटाना चाहिए, कूड़े में नहीं फेंकना.
धूल हटाएं-
मंदिर की दीवारें, कोने और तख्त साफ करें. पहले मुलायम ब्रश या सूखे कपड़े से धीरे-धीरे धूल हटाएं. पर्दे और कपड़े भी झाड़ लें.
मूर्तियों और बर्तनों को साफ करें-
मूर्तियों को ज्यादा रगड़ें नहीं. सूखे ब्रश या गीले मुलायम कपड़े से साफ करें. पीतल या तांबे के बर्तनों को नींबू और नमक से हल्का रगड़ें, फिर गुनगुने पानी से धो लें. चांदी के बर्तनों को बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट लगाकर साफ करें. साफ करने के बाद सब कुछ सूखे कपड़े से जरूर पोंछें.
मंदिर का फर्नीचर साफ करें-
अगर मंदिर लकड़ी का है तो पहले सूखे कपड़े से पोंछें, फिर हल्का गीला कपड़ा चलाएं. संगमरमर या टाइल वाले मंदिर में हल्का साबुन और पानी इस्तेमाल करें. एसिड या सिरका न डालें.
कपड़े और सजावट कब बदलें-
मंदिर में बिछे कपड़े, चौकी की चादर और पर्दे धो लें. पुराने फूलों की जगह ताजे फूल रखें. इससे मंदिर में ताजगी और सुगंध बनी रहती है. दिवाली से एक सप्ताह पहले नई सजावट, कपड़ें लाएं और सजाएं.
आसपास की सफाई-
मंदिर के आसपास झाड़ू-पोछा लगाएं. दीवारों, कोनों और ऊपर की जगहों से मकड़ी के जाले हटाएं. फर्श को अच्छे से सुखा लें ताकि कुछ भी फिसले नहीं.
बिजली और दीयों की जांच करें-
अगर मंदिर में लाइट या इलेक्ट्रिक झालर लगी है तो वायर जांच लें. दीये जलाने की जगह फिक्स कर. बच्चों से भी थोड़ी दूरी बनाकर रखें.
टिप्स– सूखे फूल, राख या पुराना दीपक कूड़े में न डालें. इन्हें मिट्टी में दबा दें या पेड़ के नीचे रख दें.
अब आपका मंदिर साफ, सजा और दिवाली के लिए तैयार है. दिवाली की पूजा करते समय भगवान से पूरे परिवार की खुशहाली और शांति की प्रार्थना करें.
.