Diwali Decoration Idea: पुरानी चीजों से बनाएं यूनिक डेकोर आइडियाज, जो घर को देंगे रॉयल लुक और नई चमक

Diwali Decoration Ideas: दिवाली आने से पहले हर घर में साफ-सफाई और सजावट की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. हर कोई चाहता है कि उसका घर इस त्योहार पर सबसे ज्यादा चमके, लेकिन मार्केट की सजावट की चीजें महंगी होने के साथ-साथ एक जैसी भी दिखने लगती हैं. ऐसे में अगर आप चाहें तो घर में पड़ी पुरानी चीजों से ही कुछ नया और सुंदर बना सकते हैं. सोचिए, जो चीजें हम बेकार समझकर डस्टबिन में फेंक देते हैं जैसे फॉइल रोल, पुरानी चूड़ियां या छोटे-छोटे मोती – उन्हीं से जब सुंदर डेकोरेशन पीस तैयार होते हैं, तो घर की रौनक ही बदल जाती है. आज हम आपको कुछ ऐसे आसान और प्यारे आइडियाज बताएंगे जिनसे आप घर बैठे बिना ज्यादा खर्च किए दिवाली की सजावट में चार चांद लगा सकते हैं, ये सभी आइडियाज घर में मौजूद वेस्ट मटेरियल से बनाए जा सकते हैं और इन्हें तैयार करना न तो मुश्किल है, न ही महंगा. बस थोड़ी क्रिएटिविटी और थोड़ा समय और आपका घर चमक उठेगा अपनी ही बनाई हुई डेकोरेशन से!

1. सिल्वर फॉइल रोल से खूबसूरत कैंडल होल्डर
हर घर में सिल्वर फॉइल का रोल जरूर होता है. इसे खत्म करने के बाद जो कार्डबोर्ड रोल बचता है, वो फेंकने की जरूरत नहीं. उस रोल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और रंगीन ऊन से अच्छे से कवर कर लें. अब गोल्डन गोटे की मदद से इस पर जाली जैसा डिजाइन बना दें. ऊपर कैंडल होल्डर चिपका दें और आपका सुंदर टी-लाइट स्टैंड तैयार है. आप चाहें तो अलग-अलग रंगों में ऊन लपेटकर मल्टीकलर सेट भी बना सकते हैं.

2. पुरानी चूड़ियों से गोल्डन मोती वाला कैंडल बेस
अगर आपके पास पुरानी या फिट न आने वाली चूड़ियां पड़ी हैं, तो उनसे भी कुछ सुंदर बना सकते हैं. चूड़ी को गोल्डन गोटे से कवर करें और छोटे-बड़े मोतियों से बॉर्डर बनाएं. बस इसी पर कैंडल होल्डर रखिए और देखिए, कितना रॉयल लुक देता है. मार्केट में ऐसा सेट खरीदने जाएंगे तो सैकड़ों रुपए लगेंगे, लेकिन घर पर इसे कुछ ही मिनटों में बनाया जा सकता है.

3. बड़ी चूड़ियों से चकरी डिजाइन वाला दीया बेस
अगर आपके पास मोटी या बड़ी चूड़ियां हैं तो उन्हें ऊन या गोल्डन धागे से कवर कर लें. फिर ऊपर से उसी गोटे को घुमाते हुए चकरी जैसा डिजाइन बना दें. बीच में कैंडल रख दें, और एकदम पारंपरिक लेकिन आधुनिक टच वाला डेकोरेशन पीस तैयार है.

4. बैंगल वॉल हैंगिंग या तोरण
पुरानी चूड़ियों से न सिर्फ दीया बेस बनता है, बल्कि वॉल हैंगिंग भी बनाई जा सकती है. कुछ मोतियों और बेल के साथ चूड़ियों को जोड़कर सुंदर तोरण या लटकन बना सकते हैं. चाहे दरवाजे पर लगाएं या दीवार पर, ये हैंगिंग्स हर जगह बहुत प्यारी लगती हैं.

5. सिल्वर फॉइल रोल से बनी लटकन
जो रोल से आपने पहले कैंडल होल्डर बनाए थे, उन्हीं से ढोलक जैसी छोटी लटकन भी बन सकती है. बस कुछ कलरफुल मोती और बीड्स लगाइए, ऊपर लूप बना दीजिए और तैयार है दिवाली या नवरात्रि के लिए सुंदर हैंगिंग। ये दीवारों, बालकनी या मंदिर की सजावट के लिए एकदम परफेक्ट हैं.

6. मिक्स एंड मैच आइडिया
अगर आपकी क्रिएटिविटी थोड़ी और उड़ान भरना चाहती है, तो ऊपर बताए गए सभी आइडियाज को मिलाकर नए डिजाइन बना सकते हैं.

जैसे नीचे बैंगल बेस और ऊपर फॉइल रोल वाला ढोलक डिजाइन, बस कैंडल होल्डर जोड़ दीजिए और तैयार है यूनिक सेंटरपीस.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *