इंदौर के पालदा क्षेत्र में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। खाद्य विभाग की टीम ने यहां से 2500 किलो मसाला जब्त किया साथ ही यहां पर पैकिंग और बेचने को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
.
दरअसल, जिला प्रशासन की खाद्य विभाग की टीम जयदेव इंटरप्राइजेज, पालदा में अचानक दौरा करने पहुंची। परिसर में प्रतिष्ठान प्रभारी शशिकांत गुप्ता और फर्म की प्रोपराइटर उनकी पत्नी अर्चना गुप्ता मिली। यहां पर खाद्य कारोबार के वर्तमान पते का वैध खाद्य लाइसेंस लिए बिना ही री-पैकिंग का काम किया जा रहा था। परिसर में पैक किए जा रहे धनिया और मिर्ची पाउडर के पैकेट के लेबल पर निर्माण के 2 एड्रेस लिखे मिले। परिसर में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और मिर्ची पाउडर के कुल 6 सैंपल लिए और बाकी 2500 किलोग्राम मसाला जब्त किया गया। यहां पर टीम ने वैध लाइसेंस नहीं होने के कारण मसालों की पैकिंग और बेचने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए उसे बंद कराया गया।
पालदा क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थंडर पाइंट एवं जूस बार इंद्रपुरी से टोमाटो कैचअप, डॉ ममता रसोई से आटा, चावल और बनी हुई सब्जी, ग्वालियर हाउस इंद्रपुरी से मसाला सैंडविच, मेयोनीज एवं सोयाबीन तेल, गुपचुप कैफे इंद्रपुरी से पनीर, मोमोज और मैदे के सैंपल लिए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इधर, लिए गए सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षा लैब भोपाल भेजा जा रहा है। जिनकी रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने 2500 किलो मसाला भी जब्त किया।
कार्रवाई के साथ जागरूकता और प्रशिक्षण प्रोग्राम भी किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग, इन्दौर द्वारा चलित लैब MP02AV7408 के माध्यम से बुधवार को इन्द्रपुरी एवं भंवरकुआ क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की जांच के साथ-साथ खाद्य कारोबार करने वालों के लिए अवेयरनेस एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें फूड हैंडलर्स को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव के संबंध में जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच के आसान घरेलू तरीके बताए गए।