डाइजेशन होगा ठीक, बढ़ेगी इम्युनिटी और स्किन होगी चमकदार, ये कोई मामूली फल नहीं

Last Updated:

Khargone News: शकरकंद में मौजूद विटामिन ए शरीर को मजबूत बनाने में मददगार है जबकि इसमें पाए जाने वाले कार्बोहाइड्रेट्स फौरन ऊर्जा देने का काम करते हैं. इसे खाने के बाद शरीर में तुरंत ताजगी और ऊर्जा का अहसास होता है.

खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में इन दिनों एक खास मौसमी फल की आवक बढ़ गई है, जिसे स्थानीय भाषा में कंद कहा जाता है. यह फल असल में शकरकंद है, जो गर्मी की शुरुआत में बाजार में ज्यादा देखने को मिलता है. स्थानीय बाजारों में सुबह से ही कंद की दुकानें सज जाती हैं और ग्राहक इसे खरीदने के लिए पहुंचते हैं. कई लोग इसे नाश्ते के रूप में खाते हैं, तो कुछ इसे शाम के समय हल्के आहार के रूप में इस्तेमाल करते हैं. स्वाद में मीठा और हल्का होने के साथ यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार, यह कई बीमारियों में लाभ देता है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है.

निमाड़ क्षेत्र में कंद को लोग बड़े चाव से खाते हैं. खास बात यह है कि यह फल सालभर नहीं मिलता बल्कि महज डेढ़ से दो महीने के लिए ही बाजार में आता है. ऐसे में लोग इसका जमकर सेवन करते हैं. डॉक्टरों की मानें, तो शकरकंद में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट और फाइबर पाया जाता है, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है और चेहरे की सुंदरता को भी बढ़ाता है. बाजार में यह फल 50 रुपये किलो के भाव मिलता है.

डाइजेशन और इम्युनिटी के लिए फायदेमंद
खरगोन के आयुर्वेद विशेषज्ञ (एमडी) डॉ संतोष मौर्य ने लोकल 18 को बताया कि शकरकंद को आयुर्वेद में औषधि के रूप में भी देखा जाता है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है. नियमित रूप से इसका सेवन करने से पेट साफ रहता है और गैस, एसिडिटी जैसी परेशानियां भी कम होती हैं. इसके अलावा यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी को भी मजबूत बनाता है, जिससे व्यक्ति मौसमी बीमारियों से बचा रह सकता है.

स्किन को देता नैचुरल ग्लो
उन्होंने आगे बताया कि शकरकंद में विटामिन सी और बीटा कैरोटिन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. ये तत्व त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं और उसे स्वस्थ बनाए रखते हैं. नियमित सेवन से चेहरे पर नैचुरल चमक आती है और त्वचा से जुड़ी छोटी-मोटी समस्याएं जैसे- रूखापन या दाग-धब्बे भी कम हो सकते हैं. यही वजह है कि कई लोग इसे अपनी हेल्दी डाइट का हिस्सा बनाते हैं.

शरीर को देता है ताकत और एनर्जी
उन्होंने बताया कि शकरकंद में मौजूद विटामिन ए शरीर को मजबूत बनाने में मदद करता है जबकि इसमें पाए जाने वाले कार्बोहाइड्रेट्स तुरंत ऊर्जा देने का काम करते हैं. इसे खाने के बाद शरीर में ताजगी और ऊर्जा का अहसास होता है. खासकर मेहनत करने वाले लोग इसे अपने आहार में शामिल करते हैं क्योंकि यह लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखता है. इसे कच्चा, उबालकर या भूनकर खाया जा सकता है लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार उबालकर खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *