गर्मियों में कटे हुए फल ज्यादा देर क्यों नहीं रखने चाहिए? डाइटिशियन ने बताई सबसे बड़ी वजह

Last Updated:

Fruits Safely Tips: गर्मियों में तापमान ज्यादा होने के कारण कटे हुए फल बहुत जल्दी खराब होने लगते हैं. डाइटिशियन कामिनी सिन्हा के अनुसार फलों को काटने के बाद इनमें ऑक्सीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं और उन पर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं. देर तक रखे हुए कटे फल फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं.

Zoom

कटे हुए फल ज्यादा देर तक रखे रहें, तो उन्हें खाने से बचना चाहिए.

Reasons to Avoid Pre-Sliced Fruits: फलों का सेवन करना सेहत के लिए हर मौसम में फायदेमंद माना जाता है. सर्दियों में कुछ लोग फल खाने से बचते हैं, लेकिन गर्मी में फल खाने से ताजगी मिलती है. खासतौर से ठंडे फलों का स्वाद लोगों को गर्मी से राहत दिलाता है. गर्मियों में ताजा और ठंडे फल खाना सभी को पसंद होता है. अक्सर लोग समय बचाने के चक्कर में एक बार में फल काटकर रख देते हैं और दिनभर उनका सेवन करते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार यह छोटी सी दिखने वाली आदत सेहत पर बहुत भारी पड़ सकती है. गर्मियों का ज्यादा तापमान और नमी कटे हुए फलों के लिए सबसे बड़ा दुश्मन है. जैसे ही फल का छिलका हटता है, वह बाहरी वातावरण के संपर्क में आ जाता है, जिससे न केवल उसके पोषक तत्व कम होने लगते हैं, बल्कि वह बीमारियों का घर भी बन सकता है. गर्मियों में कटे हुए फलों को ज्यादा देर तक रखना खतरे से खाली नहीं है.

नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि जैसे ही हम किसी फल को काटते हैं, उसके अंदर के एंजाइम्स हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ रिएक्ट करने लगते हैं, जिसे ऑक्सीकरण कहा जाता है. आपने देखा होगा कि सेब या केला काटने के कुछ ही देर बाद काला पड़ने लगता है. यह इसी प्रक्रिया का परिणाम है. इस दौरान फलों में मौजूद विटामिन C और अन्य महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट्स तेजी से नष्ट होने लगते हैं. जितनी ज्यादा देर फल कटा हुआ रखा रहेगा, उसकी क्वालिटी और पौष्टिकता उतनी ही कम होती जाएगी. इससे उसे खाने से फायदा ही नहीं मिलेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

एक्सपर्ट ने बताया कि गर्मी का मौसम बैक्टीरिया और फंगस के पनपने के लिए सबसे अनुकूल समय है. कटे हुए फलों में पानी और नेचुरल शुगर की मात्रा अधिक होती है, जो सूक्ष्मजीवों के लिए भोजन का काम करती है. अगर कटे हुए फल कमरे के तापमान पर एक घंटे से ज्यादा रखे रहें, तो उन पर साल्मोनेला और ई-कोलाई जैसे हानिकारक बैक्टीरिया हमला कर सकते हैं, जो फूड पॉइजनिंग का कारण बनते हैं. इसके अलावा फलों को काटकर खुला छोड़ने से उन पर धूल-मिट्टी और मक्खियां बैठने का डर रहता है. मक्खियां गंदगी से उड़कर आती हैं और फलों पर सूक्ष्म रोगाणु छोड़ देती हैं. इससे सेहत के लिए खतरा पैदा होता है.

डाइटिशियन चेतावनी देती हैं कि बाहर ठेलों पर बिकने वाले कटे हुए फल या घर में काफी देर से रखे फल खाने से टाइफाइड, हैजा और पेट में गंभीर ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. फलों का पूरा लाभ लेने के लिए हमेशा काटो और तुरंत खाओ का फॉर्मूला अपनाना चाहिए. अगर आपको फल स्टोर करने ही हैं, तो उन्हें बिना काटे फ्रिज में रखें और खाने से ठीक पहले काटें. अगर मजबूरी में फल काटकर रखने पड़ें, तो उन्हें एक एयरटाइट कंटेनर में भरकर तुरंत फ्रिज में रखें, लेकिन ध्यान रहे कि 2-3 घंटे से ज्यादा पुराने कटे फल न खाएं. फलों को काटने से पहले उन्हें और अपने हाथों को अच्छी तरह धोना न भूलें.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *