Last Updated:
मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला का धार स्थित भोजशाला में पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करना टल गया है. धार पुलिस के अनुसार यह दौरा निरस्त हो गया है और आगामी डेट अभी नहीं आई है. इस मामले में अगले अपडेट का इंतजार है. दरअसल एएसआई सर्वे के बाद कोर्ट अब जमीनी हकीकत समझना चाहता है. मामले में छह याचिकाएं लंबित हैं, जिनकी सुनवाई 2 अप्रैल को होगी. यह दौरा आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अहम माना जा रहा है.
मध्य प्रदेश के धार में बनी भोजशाला की वास्तविकता जांचने के लिए हाई कोर्ट के जस्टिस पहुंच रहे हैं.
धार: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला का धार भोजशाला में होने वाला दौरा निरस्त हो गया है. कोर्ट स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने का कार्यक्रम तय था, लेकिन यह किहीं कारणों से मंगलवार को नहीं हो पाया. इस संबंध में धार पुलिस ने बताया कि अभी तक यही सूचना है कि मंगलवार का दौरा निरस्त हो गया है, आगामी कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है. दरअसल, यह दौरा इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि अदालत अब केवल दस्तावेजों के आधार पर नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत समझकर निर्णय की दिशा तय करना चाहती है. दो अप्रैल को होने वाली सुनवाई से पहले यह निरीक्षण पूरे मामले की दिशा बदल सकता है. इस मामले में पहले ही एएसआई द्वारा विस्तृत सर्वे किया जा चुका है, जिसकी रिपोर्ट में संरचना को लेकर कई महत्वपूर्ण दावे सामने आए हैं.
हालांकि, इन दावों पर विभिन्न पक्षों ने अलग-अलग आपत्तियां भी दर्ज कराई हैं. ऐसे में कोर्ट का यह निरीक्षण यह तय करेगा कि रिपोर्ट कितनी सटीक है और वास्तविकता क्या है. धार में न्यायमूर्ति का दौरा न केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, बल्कि संवेदनशील धार्मिक विवाद के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है.
कोर्ट खुद समझेगा जमीनी हकीकत
पिछली सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि वह मामले की नियमित सुनवाई शुरू करने से पहले खुद मौके पर जाकर स्थिति को समझना चाहता है. इसी क्रम में न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला मंगलवार को धार पहुंचना था. कोर्ट के आदेश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने भोजशाला में 90 दिनों से अधिक समय तक सर्वे किया था. इस सर्वे की रिपोर्ट में कई ऐतिहासिक और संरचनात्मक तथ्यों का उल्लेख किया गया है. हालांकि, इस रिपोर्ट को लेकर अलग-अलग पक्षों की अपनी-अपनी दलीलें हैं.
धार भोजशाला केस: 2 अप्रैल को ही अन्य याचिकाओं की सुनवाई भी
भोजशाला मामले में पहले ही से चार याचिकाएं और एक अपील हाई कोर्ट के समक्ष लंबित है. युगलपीठ इन सभी में एक साथ सुनवाई कर रही है. इन सभी याचिकाओं और अपील में अगली सुनवाई दो अप्रैल को होना है. कोर्ट दो अप्रैल को तय करेगी कि इस याचिका में सुनवाई आगे जारी रखी जाए या नहीं.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
.