हरदा में किसान संघ का प्रदर्शन: गेहूं 2700, मक्का 2400 रुपए क्विंटल खरीदें; 15 से 20 मार्च तक मूंग सिंचाई को पानी दें – Harda News


हरदा में भारतीय किसान संघ ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। संघ ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं। संघ के जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि आगामी गेहूं खरीदी 2700 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि मक्का की खरीदी समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल पर की जाए, क्योंकि वर्तमान में किसानों की मक्का औने-पौने दाम पर खरीदी जा रही है। किसानों ने ग्रीष्मकालीन मूंग की सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त, मोरंड गंजाल संयुक्त सिंचाई परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने और तवा सिंचाई परियोजना में सिंचाई से वंचित किसानों को शहीद इलाप सिंह परियोजना में जोड़ने की भी अपील की गई। खाद विक्रय केंद्र खोलने की मांग अन्य मांगों में ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से दिए जाने वाले खाद में को-ऑपरेटिव सोसायटी को प्राथमिकता से खाद उपलब्ध कराना शामिल है, जिससे किसानों को शून्य ब्याज का लाभ मिल सके। कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने और रहटगांव, सिराली एवं हंडिया तहसील में गोडाउन बनाकर खाद विक्रय केंद्र खोलने की भी मांग की गई। संघ ने जिले में रबी सीजन में ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों की क्षतिपूर्ति एवं बीमा राशि तत्काल उपलब्ध कराने की भी मांग की। जिला प्रवक्ता राजनारायण गौर ने बताया कि भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो संगठन प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, हरिशंकर सारण, रामकृष्ण मुकाती, विनोद पाटिल, आनंद राम किरार, विजय मलगाया, राजेंद्र बांके, श्याम पाटिल, ब्रज मोहन राठौर, दीपचंद नवाद, बालक दास छापरे, विष्णु गौर और बालकृष्ण मलगाया सहित अनेक पदाधिकारी व किसान उपस्थित रहे। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *