गाडरवारा में शंकराचार्य के समर्थन में प्रदर्शन: राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग – Narsinghpur News


नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में सोमवार को सनातन धर्म प्रेमियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर दर्ज प्रकरण को झूठा बताते हुए विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि शंकराचार्य पर षड्यंत्रपूर्वक लगाए गए आरोपों और बनाए गए मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, साजिशकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी अपील की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन घटनाओं से सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुई हैं और धर्म को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि शंकराचार्य के खिलाफ की गई कार्रवाई एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने उच्च स्तर पर जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का एक आश्रम नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में स्थित है, जो वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। जिले के लोगों का उनसे गहरा जुड़ाव है। पूरे प्रकरण के बाद से उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है और विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि समर्थकों ने चेतावनी दी है कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *