फर्जी आपत्तिकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग, एआईएमआईएम नेता थाने पहुंचे: 24 घंटे में कार्रवाई न होने पर बुरहानपुर बंद की चेतावनी दी – Burhanpur (MP) News


बुरहानपुर में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने के मामले में अब कांग्रेस के बाद एआईएमआईएम भी सामने आई है। बुधवार को एआईएमआईएम के नेता बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने फर्जी आपत्तिकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए टीआई सीताराम सोलंकी को लिखित शिकायत सौंपी। एआईएमआईएम ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो बुरहानपुर बंद कराया जाएगा। एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष और अधिवक्ता जहीर उद्दीन शेख ने बताया कि वे फर्जी आपत्तिकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने आए थे। उन्होंने कहा कि आपत्तियां झूठे तरीके से लगाई गई हैं और यदि वास्तविक आपत्तिकर्ता हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए। शेख ने बताया कि जिले में 40 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो बुरहानपुर बंद किया जाएगा। पूर्व महापौर प्रत्याशी और एआईएमआईएम नेता नफीस मंशा खान ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि उनके संयुक्त परिवार के 35 सदस्यों सहित उनके वार्ड के 200 से अधिक लोगों पर एक 75 वर्षीय व्यक्ति ने आपत्ति लगाई है, जो चिंचाला का निवासी है और अब इंदौर में रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक-एक वार्ड में 600 से 800 आपत्तियां लगाई गई हैं। खान ने मांग की कि आपत्ति दर्ज कराने आने वाले व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। उन्होंने इसे एक तरह का षडयंत्र करार दिया और कहा कि इसकी गहन जांच होनी चाहिए। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *