नरसिंहपुर से कांग्रेस कार्यकर्ता को ले गई दिल्ली पुलिस: भाई बोला- सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कुछ लिखा था; कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एसपी कार्यालय में दिया धरना – Narsinghpur News

कांग्रेस कार्यकर्ता मंजीत घोसी

नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के बिलगवां गांव से बुधवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता मंजीत घोसी को दिल्ली और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम मंजीत को सुबह करीब 7 बजे दिल्ली ले गई।

.

हालांकि, गिरफ्तारी का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन आशंका है कि यह कार्रवाई ट्विटर (एक्स) पर किए गए किसी ट्वीट से संबंधित है। इस गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

भाई बोला- अचानक आई पुलिस और साथ ले गई

मंजीत के भाई लक्ष्मीकांत घोसी ने बताया कि मंजीत कांग्रेस के लिए काम करता है और उसने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कुछ लिखा था, जिसके कारण उसे ले जाया गया है। हालांकि, उन्हें यह ठीक से नहीं बताया गया कि गिरफ्तारी किस वजह से हुई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल ने एसपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एसपी कार्यालय में दिया धरना

गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल ने एसपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और राजस्थान पुलिस द्वारा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक उठाना एक गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी का कारण भी नहीं बताया गया है।

पटेल ने कहा कि जब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, वह एसपी कार्यालय से नहीं हटेंगी। उन्होंने ‘वोट चोरी’ को राष्ट्रीय मुद्दा बताते हुए कहा कि यदि कार्रवाई करनी है तो बड़े नेताओं पर की जाए, न कि एक छोटे कार्यकर्ता को उठाया जाए।

एएसपी बोले- विधिवत गिरफ्तारी की गई

इस मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संदीप भूरिया ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एक मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके तहत विधिवत गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली और राजस्थान पुलिस पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे अपने साथ ले गई है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *