साली की शादी में जा रहे युवक की मौत: दमोह-जबलपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; सिर में आई थी गंभीर चोट – Damoh News


दमोह-जबलपुर मार्ग पर शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अपनी साली की शादी में शामिल होने जबलपुर जा रहे 32 वर्षीय युवक राजेंद्र गौड़ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतनी भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबलपुर जाते समय हुआ हादसा दमोह के खजरी मोहल्ला निवासी राजेंद्र गौड़ शुक्रवार शाम अपनी बाइक से जबलपुर के लिए निकला था। उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य सुबह ही वहां पहुंच चुके थे। जैसे ही राजेंद्र तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के पाटन मार्ग पर पहुंचा, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में राजेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जो जानलेवा साबित हुई। सड़क पर लगा वाहनों का जाम हादसे के बाद राजेंद्र का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को 108 एम्बुलेंस की मदद से तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और यातायात बहाल कराया। अज्ञात वाहन की तलाश जारी स्थानीय लोगों ने बताया कि राजेंद्र के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है, और अब इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *