दमोह रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव: भाई ने बताया रात शादी में शामिल हुआ था, वृंदावन में मजदूरी करता था – Damoh News


दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के फुटेरा फाटक रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक युवक का शव मिला। युवक की मौत ट्रेन से कटकर होने की आशंका है। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। मृतक की पहचान फुटेरा वार्ड चार, कछियाना मोहल्ला निवासी मनीष पटेल (38) पुत्र अनंत राम पटेल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मनीष पिछले आठ सालों से मथुरा-वृंदावन में मजदूरी करता था और होली के त्योहार पर कुछ दिन पहले ही घर आया था। भाई ने बताया रात में शादी में शामिल हुआ था मृतक के भाई जितेंद्र पटेल ने जानकारी दी कि शनिवार रात मनीष परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। रविवार सुबह करीब 4 बजे उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। उन्हें भी घटना के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मनीष अविवाहित था। कोतवाली में पदस्थ एसआई सियाराम सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *