शिवपुरी में भाभी के हत्यारे का मिला शव: 13 दिन से लापता देवर पेड़ पर फंदे में मिला; कुल्हाड़ी के टूटे बेंत से खुला राज – Shivpuri News


शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र स्थित इचोनिया-बिल्हारी के जंगल में मंगलवार (24 मार्च) को एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिला है। मृतक की पहचान ग्राम बामौरकला निवासी शिशुपाल केवट के रूप में हुई है, जो 11 मार्च को अपनी भाभी प्रीति की हत्या के बाद से लापता था। पुलिस को घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और उसका टूटा हुआ बेंत मिला है, जिसका एक हिस्सा पहले मृतका के शव के पास भी मिला था। पुलिस आशंका जता रही है कि मजदूरी के विवाद में भाभी की हत्या करने के बाद आरोपी देवर ने जंगल में जाकर फांसी लगा ली है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। 11 मार्च को भाभी की हत्या कर हुआ था फरार ग्राम बामौरकला निवासी शिशुपाल केवट 11 मार्च को अपनी भाभी की हत्या के बाद से गायब था। मंगलवार, 24 मार्च को ग्रामीणों ने इचोनिया-बिल्हारी के जंगल में एक पेड़ पर शव लटका देखा। सूचना मिलने पर रन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर शिशुपाल केवट के रूप में उसकी पहचान की। कई दिन पुराना होने के कारण शव पूरी तरह से सड़-गल चुका था। कुल्हाड़ी के टूटे बेंत ने जोड़ी दोनों घटनाओं की कड़ी पुलिस को घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और उसका टूटा हुआ बेंत मिला है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इसी कुल्हाड़ी के बेंत का एक हिस्सा पहले महिला (भाभी) के शव के पास भी मिला था। यह सबूत दोनों घटनाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ता है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह आशंका जता रही है कि शिशुपाल ने ही कुल्हाड़ी से अपनी भाभी की हत्या की थी और बाद में जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मजदूरी करने की बात को लेकर होता था विवाद ग्रामीणों के अनुसार, शिशुपाल अपनी भाभी प्रीति पर खेत में मजदूरी करने का दबाव डालता था। प्रीति ने उसकी बात मानने से इनकार कर दूसरे किसान के यहां काम शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी बोले- हर एंगल से जांच जारी पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर एंगल से जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना का पूरा खुलासा हो सकेगा।” .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *