‘दादा दुनिया को दिखा रहे हैं कि.’, सौरव गांगुली की तारीफ में बोले अश्विन, जानें क्यों कहा?

सौरव गांगुली का क्रिकेट करियर शानदार रहा. कहा जाता है कि उनकी कप्तानी में भारत ने विदेशों में सीरीज जीतना शुरू किया. यहां तक कहा जाता है कि 2011 में जिस टीम ने ओडीआई वर्ल्ड कप जीता, उसमें कई खिलाड़ी वही थे जिन्हें गांगुली टीम में लाए और तैयार किया. खैर, अभी गांगुली का जलवा दक्षिण अफ्रीका में चल रहा है. प्रिटोरिया कैपिटल्स एसए20 के फाइनल में पहुंच गई है, जिसके कोच गांगुली हैं. अश्विन ने उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि वह भारतीय कोचिंग प्रतिभा को दुनिया के सामने ला रहे हैं.

एसए20 के जारी संस्करण के पहले क्वालीफ़ायर में केशव महाराज की कप्तानी वाली प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सनराइजर्स ईस्टर्न केप को 7 विकेट से हराया. 171 के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम के लिए ब्राइस पार्सन्स (60) और डेवाल्ड ब्रेविस (75) ने अर्धशतक लगाया. ब्रेविस ने 38 गेंदों में 7 छक्के और 4 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए. अश्विन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सौरव गांगुली की लीडरशिप हमेशा से ही प्रेरणादायक रही है, जो कोच बनने के बाद भी जारी है.

अश्विन ने क्या लिखा?

रविचंद्रन अश्विन ने एक्स पर लिखा, “उन्होंने एक बार कहा था ‘जब मैं अपनी ऑटोबायोग्राफी लिखूंगा, तो यह तहलका मचा देगी.’ अभी वह अपनी प्रिटोरिया कैपिटल्स टीम के साथ साउथ अफ्रीका में तहलका मचा रहे हैं. उनकी लीडरशिप हमेशा से प्रेरणादायक रही है और एक कोच के तौर पर भी यह अलग नहीं है. भारतीय कोचिंग को दुनिया भर में ले जा रहे हैं.”

अपने भविष्य को लेकर सौरव गांगुली ने कहा कि, “मैंने इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा, क्योंकि मैं अलग-अलग भूमिकाओं में रहा. क्रिकेट से संन्यास के बाद मैं बीसीसीआई का अध्यक्ष भी बना. 53 साल का हो गया हूं, आगे क्या होगा देखा जाएगा. मैं तैयार हूं.”

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *