सौंफ के बीज पर सीमेंट और केमिकल लगाकर बनाया जीरा: ग्वालियर में कोल्ड स्टोरेज से 46 बोरी नकली जीरा जब्त, बाजारों में बेचा जा रहा था – Gwalior News


ग्वालियर में पुलिस ने बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से 46 बोरी नकली जीरा पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल लगाकर उन्हें जीरे जैसा बनाकर बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत को नुकसान हो सकता था। जांच में सामने आया कि नकली जीरा ब्रांडेड पैकेट में भरकर बेचा जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही कॉपीराइट एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। गुजरात के मेहसाना जिले के ऊंझा निवासी विमल कुमार पटेल शिव पुजारी नाम से जीरे का कारोबार करते हैं। उन्हें शिकायतें मिल रही थीं कि उनके ब्रांड के नाम से घटिया जीरा बाजार में बिक रहा है। जांच करने पर पता चला कि ग्वालियर निवासी हितेश सिंघल उर्फ चपक यह काम कर रहा था और इसमें झांसी का व्यापारी टीटू अग्रवाल भी शामिल था।
शीतला कोल्ड स्टोरेज में मिला नकली जीरा जानकारी मिलने पर विमल कुमार ग्वालियर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि 46 बोरी नकली जीरा मां शीतला कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है। बोरियों की जांच करने पर सभी में नकली जीरा पाया गया। जब विमल कुमार ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर से बात की तो उसने उन्हें धमकी दी। इसके बाद विमल कुमार ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली जीरे की सभी 46 बोरियां जब्त कर लीं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल का लेप लगाकर नकली जीरा तैयार करते थे और उसे असली जीरे के दाम पर बेचते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *