Last Updated:
kakdi Seeds Health Benefits: ककड़ी के बीज औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं. ये पाचन सुधारने, कब्ज और अपच से राहत देने, रक्त शुद्ध करने और हृदय स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद करते हैं. बीज में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन, कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. यह ब्लड शुगर नियंत्रित करता है, हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है और त्वचा की नमी बनाए रखता है. गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है.
नागौर. ककड़ी के बीज हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं. आमतौर पर लोग ककड़ी खाने के दौरान इसके बीज अलग कर देते हैं, लेकिन वास्तव में ये बीज औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं और कई तरह के रोगों से बचाव करने में मदद करते हैं. आयुर्वेद और घरेलू चिकित्सा में इन बीजों का प्रयोग लंबे समय से किया जा रहा है. हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अंजू चौधरी ने बताया कि इनमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन ए, बी और सी के साथ-साथ कैल्शियम, पोटैशियम, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होते हैं.
विषैले तत्वों को बाहर निकालने में कारगर
ये बीज शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में कारगर साबित होते हैं. ककड़ी के बीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स रक्त को शुद्ध करने का काम करते हैं और त्वचा को निखार प्रदान करते हैं. इसके सेवन से चेहरे पर चमक आती है और मुंहासों की समस्या भी कम होती है. यही नहीं, इन बीजों का पेस्ट बनाकर लगाने से त्वचा की नमी बरकरार रहती है. हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अंजू चौधरी ने बताया कि हृदय रोगियों के लिए भी ककड़ी के बीज फायदेमंद हैं. इनमें पाया जाने वाला मैग्नीशियम और पोटैशियम रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद करता है और हृदय की कार्यक्षमता को दुरुस्त बनाए रखता है.
इसके अलावा यह शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में सहायक होते हैं. ककड़ी के बीजों का सेवन हड्डियों और दांतों के लिए भी अच्छा माना जाता है. इनमें कैल्शियम और फॉस्फोरस प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाव करते हैं. इसके अलावा ककड़ी के बीज मधुमेह रोगियों के लिए भी लाभकारी हैं.
शुगर लेवल को नियंत्रित करने में भी सहायक
इसके अलावा ये रक्त में शुगर लेवल को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं और शरीर में इंसुलिन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाते हैं. नियमित सेवन से ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव की समस्या कम होती है. ऐसे में ककड़ी के बीज छोटी सी चीज लग सकते हैं, लेकिन इनके फायदे बहुत बड़े हैं. पाचन सुधारने से लेकर हृदय और त्वचा की देखभाल तक, यह सेहत के हर पहलू को मजबूती प्रदान करते हैं. इसलिए अगली बार जब भी ककड़ी खाएं, इसके बीजों को जरूर खाएं.
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट… और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.