दतिया कोर्ट में आयोजित लोक अदालत में एक दांपत्य विवाद का सुखद समाधान हुआ। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा विशेष न्यायाधीश के समक्ष पति-पत्नी ने आपसी सहमति से फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार, पति हीरालाल (27) पिता कौशल, निवासी ग्राम वागपुरा पोस्ट चंद्रोल, और पत्नी सोनम (24) के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। यह मामला न्यायालय में लंबित था, जिसे लोक अदालत की सुनवाई के दौरान आपसी सहमति से सुलझाया गया। लोक अदालत के समक्ष दोनों पक्षों ने अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति जताई। इसके बाद न्यायालय ने इस राजीनामे के आधार पर प्रकरण का निराकरण कर दिया। इस प्रकरण में वकील वैभव मिश्रा ने पक्षकारों की ओर से पैरवी की। लोक अदालत के माध्यम से हुए इस समझौते को पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का एक सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है। .