Coriander Water Benefits: आजकल हेल्थ और फिटनेस के लिए लोग हर तरह के होम रेमेडी ट्राय कर रहे हैं. ऐसे में धनिया पानी तेजी से लोकप्रिय हो गया है. लोग इसे पीकर वजन घटाने, पाचन सुधारने और शरीर से टॉक्सिन निकालने के फायदे मान रहे हैं. सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा इतनी बढ़ गई है कि कई बार लोग बिना जानकारियां लिए इसे लगातार पीने लग जाते हैं, लेकिन क्या लंबे समय तक इसका सेवन सुरक्षित है? या इसके अधिक इस्तेमाल से कोई नुकसान हो सकता है? धनिया पानी केवल एक साधारण ड्रिंक नहीं है, बल्कि इसमें कई पोषक तत्व होते हैं जो हमारे शरीर की पाचन शक्ति को बेहतर बनाते हैं और सूजन कम करने में मदद करते हैं.
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट चंचल शर्मा के अनुसार इसका सही तरीका और सही समय जानना बहुत जरुरी है, अगर इसे सही तरीके से और सीमित अवधि में लिया जाए तो यह वजन घटाने और स्वास्थ्य दोनों में मदद कर सकता है. इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि धनिया पानी कैसे तैयार करें, इसे कितने दिनों तक पीना चाहिए, कब ब्रेक लेना चाहिए और इसका सेवन करने का वैज्ञानिक तरीका क्या है.
धनिया पानी क्या है और इसमें क्या है?
धनिया पानी बनाने के लिए सबसे पहले धनिया के बीज को पानी में भिगोकर या उबालकर उसका पानी निकाल लें. यह पानी पोषक तत्वों से भरपूर होता है.
धनिया पानी में पाए जाने वाले मुख्य तत्व:
-पोटैशियम
-एंटीऑक्सीडेंट्स
-फाइबर
-फ्लैवोनॉयड्स
-विटामिन C और K
-आयरन
ये सभी तत्व शरीर की पाचन शक्ति बढ़ाने, सूजन कम करने और मेटाबॉलिज्म सुधारने में मदद करते हैं.
धनिया पानी कितने दिन पीना चाहिए?
विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार
-पाचन शक्ति सुधारने के लिए: लगातार 2 हफ्ते तक पी सकते हैं.
-गैस्ट्रिक या ब्लोटिंग की समस्या के लिए: 2 हफ्ते तक सेवन सुरक्षित है.
-वजन घटाने और मेटाबॉलिज्म सुधारने के लिए: 1 महीने तक लगातार पी सकते हैं.
अगर आप 15 दिन या 1 महीने तक पीते हैं, तो उसके बाद लगभग 1 हफ्ते का ब्रेक लेना बेहतर है. यह आपके शरीर को किसी एक तत्व पर निर्भर होने से बचाता है.
लगातार पीने से संभावित नुकसान
धनिया पानी आयुर्वेद में लाभकारी माना जाता है, लेकिन अत्यधिक या लंबे समय तक सेवन करने से नुकसान हो सकते हैं:
-ब्लड शुगर स्तर बहुत घट सकता है.
-जिनका ब्लड प्रेशर पहले से कम है, उन्हें चक्कर आ सकते हैं.
-जिनको धनिया से एलर्जी है, उन्हें यह नहीं पीना चाहिए.
इसलिए बीच-बीच में ब्रेक लेना महत्वपूर्ण है.
धनिया पानी पीने का सही तरीका (Scientific Method)
1. रात में तैयारी: 1 गिलास पानी में 1 चम्मच धनिया बीज मिलाकर रात भर भिगो दें.
2. सुबह उबालें: अगले दिन इसे 5–7 मिनट उबालें.
3. छान लें: पानी को छानकर थोड़ा ठंडा होने दें.
4. पीना: सुबह खाली पेट एक गिलास पीएं.
5. नियमितता: इसे नियमित रूप से 15 दिन या 1 महीने तक पी सकते हैं, फिर 1 हफ्ते का ब्रेक लें.
सुबह खाली पेट पीने से इसके बायोएक्टिव कंपाउंड्स शरीर में अच्छे से अवशोषित होते हैं और वजन कम करने में अधिक असर दिखाते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.