Last Updated:
How to Clean Brass and Copper Utensils Naturally: रसोई में रखे तांबे और पीतल के बर्तन अगर काले पड़ गए हैं, तो अब आपको बाजार के महंगे और हानिकारक केमिकल वाले पाउडर खरीदने की जरूरत नहीं है. घर के किचन में मौजूद चीजों से एक जादुई पेस्ट बना सकते हैं. जिससे आप बर्तनों में जमी बरसों पुरानी काली परत को मिनटों में साफ कर सकते हैं. यह घरेलू नुस्खा न केवल बर्तनों को नए जैसी चमक देता है, बल्कि आपके हाथों को भी सुरक्षित रखता है. आइए जानते हैं कमाल का नुस्खा.
How to Clean Brass and Copper Utensils Naturally: अक्सर हमारे घरों में रखे तांबे और पीतल के बर्तन समय के साथ काले पड़ जाते हैं. हवा और नमी के संपर्क में आने से इन पर एक जिद्दी काली परत जम जाती है, जिसे साफ करना काफी मुश्किल काम लगता है. कई बार बाजार के महंगे केमिकल युक्त पाउडर भी वह चमक नहीं दे पाते, जिसकी हमें उम्मीद होती है, और ऊपर से हाथों में जलन की समस्या अलग से होती है. लेकिन अब आप बिना किसी खर्च और बिना किसी नुकसान के अपने बर्तनों को चमका सकते हैं.
क्यों खो जाती है बर्तनों की चमक?
तांबा और पीतल ऐसी धातुएं हैं जो वातावरण के साथ प्रतिक्रिया करती हैं. नमी और ऑक्सीजन की वजह से इन पर ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया होती है, जिससे इनका रंग काला या गहरा हरा पड़ने लगता है. इसे हटाने के लिए रगड़ने से ज्यादा जरूरी है सही मिश्रण का चुनाव करना. एक साधारण सा घरेलू पेस्ट इस काली परत को जड़ से खत्म कर सकता है. यह उपाय पूरी तरह घरेलू चीजों से तैयार होता है और इसमें किसी भी तरह के हानिकारक केमिकल का उपयोग नहीं होता है.
जादुई पेस्ट बनाने की आवश्यक सामग्री
इस आसान उपाय के लिए आपको अपनी रसोई से बाहर जाने की जरूरत नहीं है क्योंकि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री हर घर में उपलब्ध होती है. इस जादुई पेस्ट को बनाने के लिए आपको दो चम्मच गेहूं का आटा, आधा चम्मच हल्दी और एक चम्मच नमक की आवश्यकता होगी. लास्ट में इसमें एक ताजा नींबू का रस मिलाया जाता है जो सफाई में मुख्य भूमिका निभाता है. इन सबको अच्छी तरह मिलाकर एक गाढ़ा मिश्रण तैयार कर लिया जाता है.
बर्तन चमकाने की पूरी विधि और सही तरीका
तैयार पेस्ट को काले पड़े तांबे या पीतल के बर्तन पर अच्छे से लगाएं और ध्यान रखें कि पेस्ट पूरे बर्तन पर समान रूप से लग जाए. इसके बाद बर्तन को 10 से 15 मिनट के लिए धूप में रखना सबसे महत्वपूर्ण कदम है. धूप में रखने से यह पेस्ट अच्छी तरह काम करता है और जमी हुई गंदगी को ढीला कर देता है. जब पेस्ट सूखने लगे, तब एक साफ कपड़े या स्क्रबर की मदद से हल्के हाथों से बर्तन को रगड़ें. थोड़ी ही देर में आप देखेंगे कि बर्तन की काली परत हटने लगी है और उसकी असली चमक वापस आ रही है.
बिना मेहनत के मिलेगी नई जैसी चमक
इस घरेलू नुस्खे की खास बात यह है कि इसमें नींबू की खटास और नमक मिलकर जमी हुई मैल को काटते हैं, जबकि हल्दी और आटा बर्तन की सतह को सुरक्षित रखते हुए उसे पॉलिश जैसा लुक देते हैं. अंत में साफ पानी से बर्तन को धो लें और तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ दें ताकि पानी के दाग न पड़ें. यह तरीका न सिर्फ आसान है, बल्कि आपके पैसे भी बचाता है और हाथों को नुकसान भी नहीं पहुंचाता है. एक बार इस्तेमाल करने के बाद आप बाजार के महंगे क्लीनर खरीदना भूल जाएंगे.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
.