सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, खंडवा के मोघट थाने पर पथराव, 47 पर केस

Last Updated:

खंडवा में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भड़के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया. मोघट थाना पहुंची भीड़ ने हंगामा करते हुए पथराव कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी घायल हुए और सरकारी कार्य बाधित हुआ. पुलिस ने 22 नामजद सहित कुल 47 लोगों पर बलवा, पथराव और शासकीय कार्य में बाधा की धाराओं में मामला दर्ज किया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Zoom

खंडवा पुलिस ने हंगामा करने वालों पर सख्‍त एक्‍शन लिया है.

खंडवा. शहर में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सैकड़ों लोगों की भीड़ थाने तक पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा हुआ. स्थिति उस समय गंभीर हो गई जब भीड़ ने पुलिस थाने के परिसर में पथराव शुरू कर दिया. पुलिस ने हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा. इस पूरे मामले में पुलिस ने 22 नामजद सहित कुल 47 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे बाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर नियंत्रित किया गया.

बताया जा रहा है कि इंटरनेट मीडिया पर एक धर्मगुरु के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था. इसी मामले में शिकायत दर्ज कराने बड़ी संख्या में लोग मोघट थाना पहुंचे थे. शुरुआत में भीड़ शांतिपूर्वक अपनी बात रखने पहुंची थी, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्मा गया और लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी. इसके बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और थाने के बाहर व परिसर में पथराव शुरू हो गया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई.

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार पूरा मामला सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट से शुरू हुआ. फरियादी मुजाहिद कुरैशी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि प्रभाकर शिंदे नाम की आईडी से धर्मगुरु के खिलाफ पोस्ट की गई थी. इस पोस्ट को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी बढ़ी और बड़ी संख्या में लोग शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गए. पुलिस ने इस मामले में पहले पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया. हालांकि इसके बाद थाने पर पहुंचे लोगों की भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बन गई.

थाने पर हंगामा और पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाने के बाहर कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. भीड़ ने पहले नारेबाजी की और फिर पथराव शुरू कर दिया. पुलिस ने समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख बल प्रयोग करना पड़ा. इस दौरान कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है. वहीं सड़क से गुजर रही एक युवती के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसे लेकर पुलिस ने अलग से जांच शुरू की है.

पुलिस की कार्रवाई और एफआईआर
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की. मोघट थाना पुलिस ने 22 नामजद आरोपियों सहित कुल 47 लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, पथराव, रोड जाम और पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट को लेकर मुजहीदुद्दीन कुरैशी शिकायत दर्ज करवाने थाने आया था, इसको लेकर कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया था. इसके बावजूद भीड़ ने थाने पर पथराव किया और शांति भंग की. ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने सख्‍त दिखाते हुए एक्‍शन लिया है.  अब कानून व्‍यवस्‍था नियंत्रण में है.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *