Last Updated:
Bhopal News: मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज (गुरुवार) चौथा दिन है. कांग्रेस विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अगुवाई में विधासनभा परिसर में प्रदर्शन किया. विधायक हाथों में थाली लेकर परिसर पहुंचे. उन्होंने गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया.
कांग्रेस नेता थाली लेकर विधानसभा पहुंचे.
रिपोर्ट- शैलेंद्र सिंह, भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है. आज (गुरुवार) सत्र का चौथा दिन है. कांग्रेस ने एक बार फिर विधानसभा के परिसर में प्रदर्शन किया. कांग्रेसी विधायकों ने हाथों में थाली लेकर प्रदर्शन किया. विपक्षी नेताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी आज विधानसभा पहुंचे. उन्होंने बजट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश पर पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, इसके बाद भी सरकार लगातार कर्ज ले रही है. इस साल भी सरकार ने 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है. प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है.
कांग्रेस विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अगुवाई में प्रदर्शन किया. विधायक हाथों में थाली लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे. उन्होंने गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया. विपक्षी नेताओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को खयाली पुलाव बताया. कहा कि इस बजट में कोई भी नई योजना शुरू नहीं की गई और न ही जो योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उसमें राशि बढ़ाई गई है. यह बजट केवल खयाली पुलाव है और झूठ का पुलिंदा है. प्रदेश में सरकार केवल घोषणाओं के सहारे चल रही है जबकि जमीन पर हकीकत बिल्कुल अलग है. बजट से हर वर्ग निराश है. स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है, कुपोषण आज भी जारी है, ओबीसी वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण पर केवल आश्वासन, किसानों की कर्ज माफी पर सन्नाटा और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. यह केवल प्रदर्शन नहीं बल्कि प्रदेश की जनता की आवाज है. उनके अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है.
भागीरथपुरा पानी कांड पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों के मामले में भी राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मौतों के आंकड़े कहीं ज्यादा हैं लेकिन सरकार आंकड़े छिपाना चाहती है. सवाल यह है कि क्या प्रदेश में लोग दूषित पानी पीते रहेंगे और सरकार टैक्स वसूलती रहेगी. सवाल यह भी है कि क्या लोग किडनी और पेट की बीमारियों से ग्रस्त होते रहेंगे. राज्य के हर नागरिक को अधिकार है कि शुद्ध पानी मिले. जो भी भागीरथपुरा का दोषी है, उसे सजा मिले, हम सरकार से ये मांग कर रहे हैं.
महिला कांग्रेस करेगी वित्त मंत्री के निवास का घेराव
बताते चलें कि महिला कांग्रेस आज दोपहर राज्य के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के निवास का घेराव करेगी. महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा. खाली थाली और गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया जाएगा. महिला सुरक्षा, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. महिला कांग्रेस ने मंत्री जगदीश देवड़ा पर राज्य को निराशावादी बजट देने का आरोप लगाया. महिला कांग्रेस वित्त मंत्री से जवाब मांगेगी.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.